Udaipur City Bus Service : राजस्थान के उदयपुर शहर की सिटी बस सेवा को हाईटेक कर दिया है। अब उदयपुर की सिटी बसों की लोकेशन यात्रियों को रेलवे की तर्ज पर मिलेगी। सिटी बस की लोकेशन का पता आफिस या घर बैठकर ही देख सकेंगे और उनके स्टापिज पर आने वाले समय का पता चल जाएगा।
इसके बाद यात्रियों को घंटों सिटी बस का इंतजार के लिए खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। ट्रेन की तरह मोबाइल पर बस की लोकेशन, दूरी और पहुंचने के अनुमानित समय की जानकारी मिल सकेगी। उदयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड ने उदयपुर सिटी बस ऐप के जरिये टेकिंग सुविधा शुरू कर दी है।
इसमे वर्तमान में संचालित 35 पीएम ई-बसों के साथ 24 पुरानी लाल सिटी बसों को भी जोड़ा है। फिलहाल ई-बसे 11 रूट पर संचालित हो रही है। अभी रोज इनमें 8400 यात्री सफर कर रहे हैं। उदयपुर सिटी बस ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। यात्री इसे डाउनलोड कर बस की लोकेशन और रूट से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इससे यह पता लगाने में आसानी होगी कि बस कितनी दूर है और स्टॉप तक पहुंचने में कितना समय लग सकता है। इस सुविधा से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में मदद मिलेगी और बस के इंतजार में लगने वाला समय भी कम हो सकता है। उदयपुर शहर में सिटी बस में प्रयोग सफल होने के बाद इस योजना को पूरे राजस्थान की रोडवेज बसों का पर लागू किया जा सकता है।
डेस्टिनेशन बोर्ड से पहचान सकेंगे बस
ट्रैकिंग सिस्टम के साथ बसों पर डेस्टिनेशन बोर्ड भी लगाए गए है। इससे यात्री दूर से ही जान सकेंगे कि बस किस रूट पर चल रही है और उसका गंतव्य क्या है। यह सुविधा उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें शहर के बस रूट की पूरी जानकारी नहीं है। वहीं, निगम के कंट्रोल रूम से ट्रैकिंग सिस्टम की मॉनिटरिंग की जा रही है।


