North Western Railway Mega Plan : दीपावली व छठ पूजा के दौरान यात्रियों का सफर आसान बनाने के उत्तर पश्चिम रेलवे लिए मेगा प्लान तैयार किया है। उत्तर पश्चिम ने प्लान तैयार किया है कि अगर ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट बढ़ी तो तुरंत ही उस रुट पर अतिरिक्त ट्रेन की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल सके।
रेलवे का जोर सिर्फ अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था तक सीमित नहीं है, स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही, टिकट काउंटरों की कतारों, प्रतीक्षालयों और मूलभूत सुविधाओं पर भी फोकस किया जा रहा है। रेलवे मुख्यालय ने निर्देशों में मंडलों को त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए विस्तृत तैयारियां करने को कहा है। योजना के तहत मंडल स्तर पर चार रूम सक्रिय किए जाएंगे।
भीड़ के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने व व्यवस्था बनाए जाने के लिए संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों से प्लेटफॉर्म, टिकट खिड़कियों, प्रवेश-निकास और यात्रियों के ठहरने वाले क्षेत्रों की निगरानी होगी।
वेटिंग लिस्ट बढ़ी तो अतिरिक्त ट्रेनों पर विचार
उत्तर पश्चिम रेलवे की तरफ से लंबे रुट पर चलने वाली ट्रेनों की प्रतिदिन निगरानी की जाएगी। अगर किसी रुट पर चलने वाली ट्रेन में वेटिंग ज्यादा बढ़ गई है तो तुरंत ही अतिरिक्त ट्रेन की व्यवस्था की जाएगी। अगर ट्रेन की बजाए डिब्बे बढ़ाने से काम चलता है तो उसमें अतिरिक्त बोगी लगा दी जाएगी। स्टेशन पर आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के लिए अलग प्रवेश मार्ग तय करने तथा फुट ओवरब्रिज पर भीड़ जमा नहीं होने देने पर जोर है।
हर दो घंटे में भीड़ का होगा आकलन
उत्तर पश्चिम रेलवे ने प्लान बनाया है कि प्रत्येक रेलवे स्टेशन पर टिकटों की बिक्री के आधार पर आगामी योजना बनाई जाएगी। हर दो घंटे के बाद रेलवे टिकट बिक्री के आंकड़ों का आकलन किया जाएगा। इसके बाद इसकी रिपोर्ट को बनाकर मुख्यालय को भेजा जाएगा। टिकट खिड़कियों पर कतारों की लंबाई पर नजर रखने के साथ अतिरिक्त टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती और स्वचालित टिकट मशीनों के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
जोधपुर रेलवे मंडल सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि स्टेशनों पर प्रवेश और निकास मार्ग व्यवस्थित रखने, आरक्षित व अनारक्षित यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाने तथा फुट ओवरब्रिज पर भीड़ रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। टिकट जांच सख्त करने के - साथ बुकिंग काउंटरों पर पर्याप्त स्टाफ तैनात रहेगा और अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी।


