कल्याणपुरा में प्रतिभाओं का महाकुंभ: 250 होनहारों का सम्मान और रक्तदान का जज्बा
कल्याणपुरा में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र की 250 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, साथ ही रक्तदान शिविर में 167 लोगों ने भागीदारी निभाई।

कल्याणपुरा, सीकर। सीकर जिले के कल्याणपुरा में कर्मयोगी टीम और समस्त ग्रामवासियों द्वारा एक प्रेरणादायक प्रतिभा सम्मान समारोह और विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जाट समाज के पूर्व अध्यक्ष बीरबल सिंह खर्रा ने की, जबकि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. माधव सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 250 लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बुचारा के प्रधानाचार्य और पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी डॉ. धर्मराज छिछोलिया का सम्मान रहा। उन्हें शिक्षा, शोध और सामाजिक सरोकारों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ. छिछोलिया ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी राष्ट्रीय पहचान बनाई है, जिसके लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
समारोह के दौरान 167 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया। आयोजक शीशराम तेतरवाल और मुकेश सामोता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और समाज में सेवा भाव को बढ़ावा देना था। सम्मानित होने वालों में बोर्ड कक्षाओं, नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थी, उत्कृष्ट खिलाड़ी, नव चयनित सरकारी कर्मचारी और पर्यावरण प्रेमी शामिल थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रोफेसर रामावतार बिजारियाँ, इंस्पेक्टर रणधीर सिंह और शिक्षाविद हरीशचंद्र छिछोलिया ने युवाओं को शिक्षा और सामाजिक कार्यों के प्रति प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर और समाजसेवी शीशराम तेतरवाल ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और भामाशाहों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और ग्रामीणों की सराहना की। इस अवसर पर कन्हैयालाल जांगिड़, सवाईसिंह भाटी, सुभाष शर्मा और कर्मयोगी टीम के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
