जयपुर के डॉ. धर्मराज छिछोलिया को मिला राज्यस्तरीय शिक्षक गौरव सम्मान 2026
पावटा के बुचारा में प्राचार्य डॉ. धर्मराज छिछोलिया को शिक्षा और सामाजिक सरोकारों में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्यस्तरीय सम्मान से नवाजा गया।

जयपुर। मानव जन जागृति संस्थान, जयपुर द्वारा आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में कल्याणपुरा निवासी डॉ. धर्मराज छिछोलिया को शिक्षक गौरव सम्मान 2026 से अलंकृत किया गया। वर्तमान में पावटा क्षेत्र के बुचारा में प्राचार्य एवं पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्यरत डॉ. छिछोलिया को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट उपलब्धियों और सामाजिक सरोकारों में निभाई गई सराहनीय भूमिका के लिए प्रदान किया गया है।
समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक डॉ. रविप्रकाश मेहरड़ा ने की। इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रमुख शासन सचिव सुधीर गुप्ता, सेवानिवृत्त आईपीएस जी.सी. राय, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. रणजीत मेहराणिया, समाजसेवी व लेखिका डॉ. सुनीता दामिनी गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक सोनचंद लाडना और जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष सौदागर कान्देला व महासचिव गजानन्द परिहार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन 50 चयनित शिक्षकों को प्रोत्साहित करना था, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्थान में अपना अमूल्य योगदान दिया है। डॉ. छिछोलिया का नाम उन चुनिंदा शिक्षकों में शामिल रहा, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में नई मिसाल कायम की है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. धर्मराज छिछोलिया इससे पूर्व भी शोध, शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। उनके इस सम्मान पर क्षेत्र के शिक्षाविदों और स्थानीय निवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
कार्यक्रम में नेमीचन्द पंवार, सुनीता छिछोलिया, प्राचार्य डॉ. कैलाश मोरदिया, दीपाराम वर्मा, डॉ. प्रेमप्रकाश मेहरा, कमल वर्मा, मनराज कांटीवाल, अशोक बबेरवाल, विनोद कुमार वर्मा, शिवकुमार वर्मा, एडवोकेट मनोहर परिहार, मुकेश जिन्दल, याकूब बावड़ी व राजेश सौगण सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. छिछोलिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
