जयपुर, 22 अक्टूबर। राजस्थान पुलिस अपनी संवेदनशीलता और त्वरित कार्यशैली के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है। हाल ही में टोंक जिले की मालपुरा पुलिस ने विदेशी पर्यटकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण पेश करते हुए एक इजरायली युवती का खोया हुआ कीमती सामान सकुशल बरामद कर उसे सौंप दिया है। रणथंबोर यात्रा के दौरान अपना पासपोर्ट और नकदी खोने वाली पर्यटक ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया है।
घटना 19 अक्टूबर की है, जब इजरायली नागरिक मोशाइफ नोइम अपने दोस्तों के साथ पुष्कर से रणथंबोर सफारी के लिए मोटर बाइक से जा रही थीं। यात्रा के दौरान उनका बेल्ट पर्स कहीं गिर गया, जिसमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, चार क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और 20,000 रुपये नकद थे। रास्ते में काफी तलाश करने के बाद भी जब सामान नहीं मिला, तो उन्होंने मालपुरा पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टोंक पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में मालपुरा थानाधिकारी चैनाराम बेडा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय आसूचना का उपयोग करते हुए जांच शुरू की। टीम ने संभावित मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया, जिससे उन्हें मुमाणा गांव की ओर सुराग मिला।
पुलिस ने मुमाणा गांव में गहन पूछताछ की और उस दिन मालपुरा से आने-जाने वाले सात व्यक्तियों की पहचान की। पुलिस की इस सक्रियता और समझाइश के परिणामस्वरूप, युवती का पूरा सामान सुरक्षित मिल गया। पुलिस ने पासपोर्ट से लेकर नकदी तक सभी दस्तावेज सही-सलामत बरामद कर लिए।
गुरुवार, 22 अक्टूबर को पुलिस ने इजरायली युवती को उनका सारा सामान सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। महज दो दिनों के भीतर अपना कीमती सामान वापस पाकर युवती ने राजस्थान पुलिस की कार्यशैली की सराहना की और वीडियो जारी कर धन्यवाद दिया। इस सफल ऑपरेशन में डीएसटी मालपुरा के एएसआई नारायण लाल शर्मा और हैड कांस्टेबल रामराज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही।


