Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
जयपुर

झुंझुनूं में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कसी पुलिस की कमर, निकाय चुनावों को लेकर दिए सख्त निर्देश

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने झुंझुनूं में अपराध समीक्षा बैठक कर आगामी नगरीय निकाय चुनावों के लिए सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली पर जोर दिया।

संवाददाता: जयपुर टाइम्स डेस्क
झुंझुनूं में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कसी पुलिस की कमर, निकाय चुनावों को लेकर दिए सख्त निर्देश

झुंझुनूं। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने गुरुवार को झुंझुनूं के रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिले की अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस महत्वपूर्ण बैठक में आईजी राहुल प्रकाश, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप और जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नगरीय निकाय चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना था।

डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थानों में आने वाले परिवादियों के साथ सदैव विनम्र और शालीन व्यवहार किया जाए। उन्होंने थानों के स्वागत कक्षों में साफ-सफाई के साथ-साथ बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने हार्डकोर अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी निगरानी रखने और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आगामी चुनावों के मद्देनजर डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो। उन्होंने सीएलजी और युवा सीएलजी सदस्यों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अलावा, प्रत्येक गांव और मोहल्ले की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी रखने के लिए आसूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था में सुधार और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर चर्चा हुई। बैठक के बाद डीजीपी ने सदर थाने का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने हवालात, मालखाना और अभिलेखों के संधारण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सदर थाने में लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए उन्होंने पुलिस सेवाओं को और अधिक पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण भी किया। युवा सीएलजी सदस्यों के साथ हुई बैठक में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के विषयों पर चर्चा की गई, ताकि अपराध नियंत्रण में जनभागीदारी को बढ़ाया जा सके।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।