Kal Ka Mausam: मौसम विभाग ने देश के 11 राज्यों में आज और कल आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आज और कल राजस्थान, पंजाब, हरियाणा सहित उत्तरी भारत के राज्यों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवर्ती सिस्टम एक्टिव हो रहा है।
जिस वजह से भी कई राज्यों में बारिश और तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। हरियाणा प्रदेश में कल वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव के कारण रेवाड़ी और चरखी दादरी जिले में बारिश और ओलावृष्टि हुई। वहीं राजस्थान प्रदेश के अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ जिले में भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव के चलते बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने देश के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मछुआरों को गहरे समुद्र के पानी में जाने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 22 अक्टूबर को उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बने सिस्टम के प्रभाव से दक्षिण पूर्वी और पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो चुका है। जो आगे चलकर विकराल रूप धारण कर सकता है। जिस वजह से प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश भी हो सकती है।
उत्तर भारत के इन राज्यों में आज देखने को मिलेगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव
मौसम विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार आज उत्तरी भारत के कई राज्यों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से बारिश होने का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार आज उत्तरी भारत में राजस्थान, पंजाब हरियाणा, बिहार, झारखंड, दिल्ली और यूपी सहित कई राज्यों में आंधी-बारिश का अनुमान है। इसके अलावा मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में भी बारिश और तेज आंधी का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से हुए बदलाव से आने वाले दिनों में उत्तरी भारत में तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड का दौर शुरू होने का अनुमान है।


