Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

जयपुर स्थापना दिवस पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा का बड़ा संदेश: “शहर को संवारना सबकी जिम्मेदारी, विरासत को संभालकर ही भविष्य मजबूत होगा”

जयपुर स्थापना दिवस पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा का बड़ा संदेश: “शहर को संवारना सबकी जिम्मेदारी, विरासत को संभालकर ही भविष्य मजबूत होगा”

जयपुर
गुलाबी नगर की 298वीं वर्षगांठ पर मंगलवार को नगरीय विकास और स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने जयपुरवासियों के नाम एक विशेष संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि जयपुर सिर्फ इमारतों, चौक-चौराहों और बाजारों का शहर नहीं, बल्कि राजस्थान की पहचान, संस्कृति और गौरव का जीवंत स्वरूप है। इसलिए इसे स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री ने कहा कि जिस शहर की नींव महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने अपनी दूरदर्शिता से रखी थी, उसकी जिम्मेदारी आज हमारे हाथ में है। हवामहल, आमेर किला और जंतर-मंतर जैसी विश्वविख्यात धरोहरें सिर्फ स्मारक नहीं, बल्कि राजस्थान के स्वाभिमान की पहचान हैं। इन्हें संभालना और आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुँचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

खर्रा ने अपील की कि शहर की सफाई को सिर्फ सरकारी काम न समझा जाए। उन्होंने कहा, “जब जयपुर का हर कोना साफ रहेगा तो दुनिया को दिखेगा कि हम अपनी विरासत से कितना प्रेम करते हैं।” उन्होंने कचरे के उचित निपटान, पानी की बचत और पर्यावरण संरक्षण को “शहर का भविष्य सुरक्षित करने वाला कदम” बताया।

मंत्री ने जयपुर के विकास, हरियाली और सौंदर्यीकरण में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि स्थापना दिवस पर हर जयपुरवासी को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह शहर को देश के सबसे स्वच्छ और आकर्षक शहरों में शामिल करने के लिए अपना योगदान देगा।

अंत में मंत्री ने जयपुरवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों से गुलाबी नगर आने वाले वर्षों में प्रगति और सौंदर्य का एक नया मानक स्थापित करेगा।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

यात्रीगण कृपया ध्यान दें ! बीना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते जोधपुर सहित तीन ट्रेनों में हुआ बदलाव