हरियाणा के शहरों के मार्गों को भविष्य के ट्रैफिक के दबाव को ध्यान में रखकर नए सिरे से विकसित किया जा रहा है। जहां पर इन सड़कों का विस्तार करके दो टूल से फोरलेन या 6 लेन तक विकसित किया जा रहा है। क्रासिंग पर वाहनों का जाम नहीं लगे, इसके लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। हरियाणा सरकार ने हिसार शहर के लिए 43 करोड़ 35 लाख 48 हजार रुपए का मेगा प्रोजेक्ट मंजूर किया गया है।
इस बजट से शहर के पुराने दिल्ली रोड का विस्तार किया जाएगा और इसको अब 6 लेन तक विस्तार किया जाएगा। जहां पर मार्ग को 6 लेन किया जाएगा, वहीं दूसरे मार्गों की क्रासिंग के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए चलने के लिए फुटपाथ बनाए जाएंगे। हिसार के पुराने दिल्ली रोड को तुलसी चौक से लेकर सिरसा चुंगी तक 6 लेन के तौर पर विकसित किया जाएगा।
हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सरकार द्वारा इस प्रोजेक्ट के लिए 43 करोड़ 35 लाख 48 हजार रुपए की प्रशानिक मंजूरी दे दी है। जल्द ही इसका टेंडर जारी करके इस मार्ग का विस्तार किया जाएगा।
हाईवे की तर्ज पर किया जाएगा विकसित
हिसार के पुराने दिल्ली रोड को नेशनल हाईवे की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, ताकि इस मार्ग से निकलने वाले वाहन बिना किसी जाम में फंस हुए फर्राटा भर सकेंगे। इसके अलावा पैदल चलने वाले लोगों के लिए 2.00 मीटर चौड़ा पेडेस्ट्रियन पथ बनाए जाएंगे, ताकि ट्रैफिक के दौरान पैदल लोग बिना किसी डर से आवाजाही कर सकें। इसके अलावा सड़क पार कराने के लिए जगह-जगह टेबल-टॉप पेडेस्ट्रियन क्रॉसिंग बनाई जाएगी।
साइकिल चालकों के लिए लगाए जाएंगे बोलार्डस
जहां पैदल यात्रियों के लिए फुटपात बनाए जाएंगे, वहीं साइकिल चालकों की सुरक्षा के लिए बोलार्ड्स भी लगाए जाएंगे। सड़क पर 300 मिमी और 200 मिमी चौड़ी थर्मोप्लास्टिक रिफ्लेक्टिव पट्टियां लगाई जाएंगी, ताकि रात में पैदल यात्रियों और वाहनों दोनों को स्पष्ट दृश्यता मिले। इसके अलावा सिरसा चुंगी के पास फ्लाईओवर बनाया जाएगा ताकि यहां से अग्रोहा व सिरसा जाने वाले वाहन सीधे फ्लाईओवर से निकल जाएं और शहर के अंदर जाम नहीं लगे।


