सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर जिले की चार पंचायत समितियों बामनवास, मलारना डूंगर, बौंली और खंडार में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के लिए मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ। जिले के 498 मतदान केंद्रों पर सरपंच और वार्ड पंचों के भाग्य का फैसला करने के लिए सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा गया।
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक जिले में कुल 18.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 4 लाख 35 हजार 681 मतदाताओं में से 78 हजार 580 लोगों ने शुरुआती घंटों में ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। पंचायत समिति वार आंकड़ों में बामनवास 18.97 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा, जबकि बौंली में 16.74 प्रतिशत मतदान हुआ।
चुनाव को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिलेभर में करीब ढाई हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सुरक्षा बल शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम, पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
इस बार के चुनाव में करीब सात हजार युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं, जहां युवा और अन्य मतदाता अपने वोट डालने के बाद तस्वीरें लेते नजर आए। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए किए गए ये प्रयास काफी प्रभावी साबित हो रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं की नई सरकार से काफी उम्मीदें हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। लोगों को विश्वास है कि नई पंचायतों के गठन के बाद गांवों की तस्वीर बदलेगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। मतदान की प्रक्रिया शाम तक जारी रहेगी और प्रशासन ने सभी से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की है।
