जयपुर। जयपुर पश्चिम जिले के कालवाड़ थाना क्षेत्र में एक युवक के अपहरण और उस पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीम ने एक आर्मी जवान सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 2 नवंबर 2026 को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है, जिसमें परिवादी मनीष यादव ने अपने भाई गोविंद यादव के अपहरण की शिकायत की थी।
घटनाक्रम के अनुसार, गोविंद यादव अपनी कार में सवार होकर रॉयल सिटी के पास खड़ा था, तभी गलत दिशा से आई एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। थार में सवार सात-आठ लोगों ने डंडों और सरियों से हमला कर गोविंद को जबरन गाड़ी में डाल लिया और सुंशांत सिटी की ओर फरार हो गए। इस दौरान उसके साथ मौजूद अन्य साथी मौके से जान बचाकर भागने में सफल रहे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे ठगी का बदला लेने की मंशा थी। आरोपियों ने पूरी योजना के साथ इस घटना को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त शिव कुमार भारद्वाज के सुपरविजन में कालवाड़ थानाधिकारी दिलीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजेश चौधरी, राजू लाल मीणा और भागीरथ गुर्जर शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त थार गाड़ी और पीड़ित की स्विफ्ट कार को बरामद कर लिया है।
पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में कालवाड़ थाना पुलिस और जिला विशेष शाखा के अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है ताकि सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।


