राजधानी जयपुर में बुधवार को हुई करीब दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी। तेज हवा और बारिश से कई पॉश इलाके जलमग्न हो गए। पानी भरने से सड़कों पर जाम लग गया और कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। अचानक हुई इस बरसात से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इधर, कोटा के दरा रेलवे स्टेशन के पास सुबह तड़के लैंडस्लाइड हो गया। इसके चलते कोटा-मुंबई रेलमार्ग बाधित हो गया और 9 ट्रेनों को रोकना पड़ा। वहीं, कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर दरा नाल के पास पानी भर जाने से ट्रैफिक घंटों प्रभावित रहा। यात्रियों और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ा।
दौसा जिले में भी भारी बारिश के बीच हादसा हो गया। यहां पुलिस वैन एक ट्रक से टकरा गई, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए। सीकर के फतेहपुर और दौसा के बांदीकुई में भी सुबह हुई तेज बरसात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
राजस्थान के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।



