Jaipur Times
ई-पेपर
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
जयपुर

जयपुर में दर्दनाक घटना: डेढ़ साल के बेटे को गोद में लेकर मां ने की आत्महत्या, पति के कर्ज से थी परेशान

द्वारा Jaipur Times
जयपुर में दर्दनाक घटना: डेढ़ साल के बेटे को गोद में लेकर मां ने की आत्महत्या, पति के कर्ज से थी परेशान

जयपुर के सीतापुरा इलाके में मंगलवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां 27 वर्षीय प्रिया सिंह ने अपने डेढ़ साल के बेटे आर्विक के साथ ट्रेन के आगे छलांग लगाकर जान दे दी। घटना मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में हुई। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों के शव पटरियों से दूर जाकर गिरे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

जानकारी के अनुसार, प्रिया की शादी मई 2020 में विकास से हुई थी, जो विश्वकर्मा रोड नंबर-17 में अपने माता-पिता के साथ रहता है और ऑटो रिक्शा चलाता है। आरोप है कि विकास को जुए की लत थी, जिसके चलते उस पर 18–19 लाख रुपए का कर्ज हो गया। कर्जदारों के दबाव और धमकियों का सामना अक्सर प्रिया को करना पड़ता था। परेशान होकर वह 24 जुलाई को अपने बेटे के साथ पीहर सीतापुरा लौट आई थी।

11 अगस्त को पति विकास उसे वापस ले जाने के लिए आया, लेकिन प्रिया ने कर्ज चुकाने या कर्जदारों से छुटकारा मिलने के बाद ही लौटने की शर्त रखी। बहस के दौरान विकास ने धमकी दी कि वह रिश्तेदारों में उसके त्याग की बात फैलाएगा। इसी विवाद के बाद मंगलवार तड़के प्रिया बिना बताए बेटे को लेकर घर से निकल गई और सुबह करीब 5 बजे दोनों ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना पति के कर्ज और घरेलू कलह से उपजे मानसिक तनाव का दर्दनाक उदाहरण बन गई है।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।