जयपुर: राजस्थान की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस राजस्थान 2025 का भव्य ग्रैंड फिनाले जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जहाँ ट्विंकल पुरोहित ने अपने आत्मविश्वास, आकर्षण और उत्तरों से दर्शकों और जूरी को प्रभावित करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता का आयोजन फ्यूजन ग्रुप और रूवी डिजिटल के सहयोग से हुआ, जिसके निदेशक योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा थे। इस साल प्रतियोगिता के 27वें संस्करण में पूरे राज्य से 5,000 से अधिक प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं, जिनमें से शीर्ष 28 फाइनलिस्ट्स का चयन हुआ।
फाइनल राउंड के विजेताओं की सूची इस प्रकार रही:
1st रनरअप: मीनाक्षी छापोला
2nd रनरअप: रिशिता काशीवा
3rd रनरअप: तृषा चौधरी
4th रनरअप: दिशा भट्ट
5th रनरअप: अदिति ब्रह्मभट्ट
6th रनरअप: खुशी प्रधनानी
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि जगदीश चंद्र (CMD, फर्स्ट इंडिया और भारत 24) और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने हिस्सा लिया। इनमें सुरेश मिश्रा, डॉ. दिनेश गुप्ता, पवन गोयल, रूपेश केडिया, अतुल शर्मा, अंशुल जैन और अन्य गणमान्य शामिल थे।
प्रस्तुति के पहले राउंड में प्रतिभागियों ने निवारा कॉलेज ऑफ डिजाइनिंग के परिधान पहने, जबकि टॉप 14 मॉडल्स ने माधुरी चेतवानी के सेमी ब्राइडल कलेक्शन में रैंप पर कदम रखा। अंतिम राउंड में टॉप 7 फाइनलिस्ट्स ने मीनाक्षी सोलंकी द्वारा डिज़ाइन किए गए गाउन पहनकर मंच पर जलवा बिखेरा।
सौंदर्य, आत्मविश्वास और बुद्धिमत्ता का मूल्यांकन करने वाली जूरी में शामिल थे – मुकेश मिश्रा, एकता जैन, राज बंसल, आंचल बोहरा, अरशद हुसैन, ऐश्वर्या पातपति और मीनाक्षी सोलंकी।
पूरे इवेंट की कोरियोग्राफी शाहरुख ने की और संचालन राकेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान Movers & Shekhar Dance Group की प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य खिताबों के अलावा 28 अलग-अलग श्रेणियों में विशेष टाइटल्स भी दिए गए, जो प्रतिभागियों की विभिन्न खूबियों को उजागर करते हैं – जैसे फोटोजेनिक फेस, सोशल इम्पैक्ट, कैटवॉक आदि।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजक योगेश मिश्रा ने कहा, “मिस राजस्थान केवल एक सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, यह आत्मविकास और अवसरों का मंच है, जहाँ प्रतिभा को उड़ान मिलती है।”


