Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

जयपुर के सेंट्रल पार्क में महिला से लूट, गला दबाकर की बेहोश; एक घंटे तक पार्क में पड़ी रही, कोई मदद को नहीं आया

जयपुर के सेंट्रल पार्क में महिला से लूट, गला दबाकर की बेहोश; एक घंटे तक पार्क में पड़ी रही, कोई मदद को नहीं आया

जयपुर, 10 जुलाई — शहर के सबसे सुरक्षित और वीवीआईपी माने जाने वाले सेंट्रल पार्क में एक महिला से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राजस्थान हाईकोर्ट से महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित इस पार्क में बदमाशों ने महिला का गला और मुंह दबाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके शरीर से दो सोने की अंगूठियां और एक चांदी की अंगूठी लूटकर फरार हो गए।

यह वारदात 2 जुलाई की रात करीब 8 बजे हुई, जब महिला पार्क के वॉकिंग ट्रैक पर अकेली टहल रही थी। वह करीब एक घंटे तक बेहोशी की हालत में वहीं पड़ी रही, लेकिन वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उसकी सुध नहीं ली। इस दौरान पार्क में आमतौर पर घूमने वाले वीवीआईपी, अफसर और सचिवालय के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

बाद में जब महिला के परिवार ने उसे ढूंढते हुए सेंट्रल पार्क में खोजबीन की, तब वह बेहोश अवस्था में मिली। तुरंत उसे संतोकबा दुर्लभजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन इलाज के बाद उसे छुट्टी दी गई। हालांकि महिला अब खतरे से बाहर है, लेकिन मानसिक रूप से वह बेहद डर चुकी है।

घटना की रिपोर्ट महिला ने 8 जुलाई को दर्ज कराई, जिसके बाद 9 जुलाई को पुलिस की टीम महिला को लेकर घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। यह मामला शहर की सुरक्षा व्यवस्था और वीवीआईपी इलाकों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

हरियाणा में ACB की बड़ी कारवाई, पब्लिक हेल्थ की कर्मचारी को रिश्वत के साथ पकड़ा रंगेहाथ