Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

जयपुर में फर्जी एसआई गिरफ्तार, दो साल तक आरपीए में बना रखा था रौब, वर्दी पहनकर देती थी धमकियां

जयपुर में फर्जी एसआई गिरफ्तार, दो साल तक आरपीए में बना रखा था रौब, वर्दी पहनकर देती थी धमकियां

जयपुर | शास्त्री नगर थाना पुलिस ने एक फर्जी सब-इंस्पेक्टर मोना बुगालिया उर्फ मूली देवी (28), निवासी नीम्या का बास, नागौर को सीकर से गिरफ्तार किया है। मोना ने दो साल तक राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) में फर्जी एसआई बनकर रौब जमाया और वॉट्सऐप कॉल पर लोगों को धमकाया करती थी।

SHO महेन्द्र यादव के अनुसार, मोना ने वर्ष 2021 में एसआई भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन चयन नहीं हुआ। इसके बावजूद उसने सोशल मीडिया पर खुद के चयनित होने की झूठी सूचना फैलाई और आरपीए में फर्जी पहचान के साथ ट्रेनिंग शुरू कर दी। इस दौरान वह वर्दी पहनकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ फोटो खिंचवाती रही, जिससे उसकी फर्जी पहचान मजबूत होती गई।

2023 में उसके खिलाफ शिकायत मिलने पर पुलिस ने उसके जयपुर स्थित किराए के मकान पर दबिश दी, जहां से वर्दी, बैच, आईडी कार्ड और पुलिस बेल्ट बरामद हुए। उस समय मोना फरार हो गई थी और दो साल तक सीकर में कोचिंग छात्रा बनकर छिपी रही।

हाल ही में एक व्हाट्सऐप ग्रुप में धमकी देने की घटना के बाद मामले की परतें खुलीं। जांच में सामने आया कि मोना किसी भी एसआई बैच में शामिल नहीं थी। मुखबिर की सूचना पर सीकर से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसे आरपीए में घुसने और पहचान बनाने में किसने मदद की।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

हरियाणा में ACB की बड़ी कारवाई, पब्लिक हेल्थ की कर्मचारी को रिश्वत के साथ पकड़ा रंगेहाथ