-विजयबाड़ी से वीकेआई तक सर्व समाज की शोभायात्रा आज
-ड्रोन से पुष्प वर्षा, मोटे अनाजों से तैयार मां अन्नपूर्णा की झांकी रहेगी आकर्षण का केन्द्र
-वाल्मीकि-किन्नर समाज भी होगा शामिल
जयपुर। सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए सर्व समाज की ओर से रविवार को शाम सवा चार बजे विजयबाड़ी पथ नंबर सात के श्री श्याम मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्याम मंदिर से रवाना होकर शोभायात्रा भौमियां जी का मंदिर, प्रतापनगर चौराहा, माताजी का मंदिर, केडिया पैलेस चौराहा, आर के फर्नीचर, मुरलीपुरा सर्किल, लाल डब्बा चौराहा, रोड नंबर दो होते हुए रोड नंबर पांच स्थित श्री विश्वेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी।
शोभायात्रा में देवी-देवताओं और महापुरूषों की सुसज्जित 51 झांकियों के साथ जयपुर के मशहूर 11 बैंड और लवाजमा होगा। विभिन्न प्रकार के अन्न से मां अन्नपूर्णा की झांकी विशेष आकर्षण रहेगी। एक सप्ताह पूर्व उगाए गए अनाजों के ज्वारे प्रसाद रूप में दिए जाएंगे। विभिन्न तीर्थों और मंदिरों से लाए गए जल से शोभायात्रा में चल रहे लोगों पर अभिसींचन किया जाएगा।
जगह-जगह ड्रॉन से पुष्पवर्षा की जाएगी। रंगारंग आतिशबाजी भी की जाएगी। विभिन्न समाजों के लोग शोभायात्रा में अपने आराध्य की झांकी के साथ सम्मिलित होंगे। शोभायात्रा का आयोजन हरिओम जन सेवा समिति राजस्थान के भंडारे को 2100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष में किया जा रहा है। हरिओम जन सेवा समिति के संरक्षक राजेंद्र सदानंद ने बताया कि शोभा यात्रा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों में आपसी सामंजस्य और सौहार्द बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा। समिति के प्रदेश अध्यक्ष पंकज गोयल ने बताया कि शोभायात्रा की व्यवस्था एक हजार कार्यकर्ता संभालेंगे। साधु-संत एवं महात्मा बग्गियों में विराजमान रहेंगे। सामाजिक संस्थाओं की ओर से विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। समिति के जयपुर शहर अध्यक्ष सुरेश जांगिड़ ने बताया कि यात्रा के बाद महाप्रसादी का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें हजारों भक्त प्रसादी ग्रहण करेंगे।


