Kota Mathuradhish Ji Corridor : राजस्थान के शहरों को धार्मिक टूरिज्म हब के तौर पर विकसित किया जा रहा है। जहां पर पर्यटकों का ज्यादा भार है, वहां पर सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में राजस्थान के कोटा शहर में श्रीमथुराधीशजी कारिडोर बनाया जाएगा।
इस कारिडोर को पूरा करने के लिए मकानों, दुकानों व अन्य सम्पत्तियों के अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। जहां अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी हो गई, वहां केडीए की ओर से तोड़फोड़ शुरू कर दी है। श्रीमथुराधीशजी मंदिर ने सुगम आवाजाही के लिए चंबल रिवर फ्रंट की तरफ से नया रूट बनाया जा रहा है। साथ ही यहां मल्टीलेवल पार्किंग बनाया जाएगा।
शहर हृदय स्थल पर विराजित वल्लभ सम्प्रदाय के प्रथमेश भगवान श्रीमथुराधीशजी के दरबार तक पहुंचना आने वाले समय में श्रद्धालुओं के लिए और सुगम होगा। श्रीमथुराधीशजी कारिडोर को चंबल रिवर फ्रंट से जोड़ने की योजना आकार लेने लगी है। कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा का कहना है कि मथुराधीशजी कोरिडोर कोटा में धार्मिक ट्यूरिज्म के लिए माइल स्टोन का काम करेगा। कॉरिडोर का विकास न केवल मंदिर क्षेत्र की तस्वीर बदलेगा, बल्कि कोटा को धार्मिक पर्यटन के बड़े केन्द्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी अहम कदम साबित हो सकता है।
अधिग्रहण प्रक्रिया अंतिम चरण में, निर्माण की राह खुली
श्रीमथुराधीशजी कारिडोर को लेकर अब तक की भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अधिग्रहण किए गए स्थानों का डिमोलेशन की कार्रवाई के साथ निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इससे कॉरिडोर की परिकल्पना को धरातल पर उतारने का रास्ता साफ हुआ है।
रिवर फ्रंट से मंदिर तक बनेगा लिंक रोड
मंदिर को चंबल रिवर फ्रंट से सीधे जोड़ने की योजना है। रिवर फ्रंट की ओर से नया रास्ता बनने से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंदिर तक पहुंचने का एक और विकल्प मिलेगा। साथ ही पार्किंग की व्यवस्था होने से वाहनों के दबाव और आवागमन की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है। धार्मिक दर्शन के बाद पर्यटक चंबल रिवर फ्रंट की खूबसूरती का भी आनंद ले सकेंगे।
कारिडोर पर किस पर कितना खर्च
केडीए 14.50 करोड़ रुपए से श्रीमथुराधीशजी कॉरिडोर के बाहरी कार्य के तहत 15 मकानों के अधिग्रहण और विस्थापन का काम शुरू किया जा चुका। इसके अलावा कॉरिडोर में मंदिर क्षेत्र के भीतरी कार्य के लिए 6.50 करोड़ रुपए का तकमीना का काम शुरू हो गया है। इसके तहत मंदिर परिसर के आसपास चारदीवारी बनाई जा रही है।
मंदिर के पीछे नामदेव धर्मशाला तक 40 फीट रास्ते को 3.13 करोड़ खर्च कर चौड़ा किया जाएगा। इससे गढ़ पैलेस स्थित साई बाबा मंदिर से सीधे मथुराधीश मंदिर तक आवागमन सुगम हो जाएगा। भट्टजी घाट पर स्थित पुरानी पुलिया के स्थान पर स्टील ब्रिज और एलिवेटेड रोड निर्माण पर 1.51 करोड़ खर्च होंगे।
नामदेव धर्मशाला व मंदिर की 15 हजार वर्गफीट भूमि पर मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण पर 7.19 करोड़ व्यय होंगे, वही टिपटा चौराहा भूरिया गणेशजी मंदिर से पाटनपोल दरवाजे पर परिक्रमा मार्ग को हेरिटेज लुक में सौदर्याकरण पर 7.36 करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव है। कॉरिडोर विकास एवं हेरिटेज कार्य 66.57 करोड़ की लागत से किए जाएंगे।
केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि श्रीमथुराधीशजी कॉरिडोर के लिए अधिग्रहण का काम तकरीबन पूरा कर लिया गया है। दो-चार भवनों का मुआवजा देना प्रक्रिया में है। इसके अलावा योजना के अनुसार अधिग्रहित भवनों को तोड़कर उसके स्थान पर निर्माण शुरू कर दिया गया है।