New Government College : यूटी प्रशासन ने चंडीगढ़, हरियाणा व पंजाब के विद्यार्थियों को नया तोहफा दिया है। जहां पर मनीमाजरा में नए कालेज के निर्माण की मंजूरी दी गई है। मनीमाजरा और इसके आसपास के इलाकों की एक लाख से ज्यादा आबादी के लिए हायर एजुकेशन का फायदा मिलेगा।
यूटी प्रशासन का इंजीनियरिंग विभाग मनीमाजरा के पाकेट नंबर-9 में गवर्नमेंट कॉलेज के लिए कंसल्टेंट हायर करने जा रहा है। चुनी गई कंसल्टेंसी एजेंसी को 4 महीने में सभी पर्यावरणीय मंजूरियां दिलवानी होंगी। इसके पूरा होते ही कालेज की इमारत का जमीनी कंस्ट्रक्शन शुरू कर दिया जाएगा।
10.62 एकड़ में बनेगा आधुनिक कैंपस
मनीमाजरा के पकिट नंबर 9 में लगभग 10.62 एकड़ क्षेत्रफल में यह कॉलेज कैंपस तैयार किया जाएगा। विभाग की तरफ से तैयार की गई शुरुआती आर्किटेक्चरल ड्राइंग के मुताबिक कैंपस में एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, क्लासरूम और लैब आदि के लिए एकेडमिक ब्लॉक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए मल्टीपर्पज हॉल, बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। अभी तक इलाके में एक भी सरकारी या निजी कॉलेज न होने के कारण स्टूडेंट्स को ग्रेजुएशन और पोस्ट-ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए हर रोज 10 से 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था।
12 साल तक फाइलों और विवादों में अटका रहा प्रोजेक्ट
मनीमाजरा में सरकारी डिग्री कॉलेज खोलने की चर्चा साल 2014 में शुरू हुई थी। नगर निगम ने 2017 में पॉकट नंबर 9 में अपनी जमीन यूटी के उच्च शिक्षा विभाग को कॉलेज निर्माण के लिए दी। सालों तक निर्माण कार्य शुरू न होने पर नगर निगम और प्रशासन आमने-सामने आ गए थे।
नवंबर-दिसंबर 2023 में तो नगर निगम ने इस खाली पड़ी जमीन को वापस लेने तक का फैसला कर लिया था। 2024 और 2025 में अर्बन प्लानिंग विभाग और नगर निगम के बीच जमीन के मालिकाना हक और रिकॉर्ड के मिलान को लेकर कॉरेस्पोंडेंस चलता रहा। सितंबर 2026 में प्रशासक ने काम में तेजी लाने के आदेश दिए थे।


