Rewari Jaipur Railway Line : रेलवे विभाग द्वारा लाइनों को सुरक्षा कवच को मजबूत किया जा रहा है। रेवाड़ी से जयपुर के बीच करीब 226 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग पर ट्रेनों की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए चल रहे 'कवच' प्रणाली के कार्य में बड़ी सफलता मिली है। पहले कनौता-बांदीकुई के 67.03 किलोमीटर हिस्से में मानक परीक्षण सफल होने के बाद, अब इसके आगे बांदीकुई-बसवा के करीब 63 किलोमीटर हिस्से में भी कवच प्रणाली का सफल ट्रायल कर लिया गया है।
इन दोनों महत्वपूर्ण चरणों (67 किमी और 63 किमी) को मिलाकर रूट के कुल 130 किलोमीटर से अधिक हिस्से पर कवच से जुड़े कार्य और ट्रायल का चरण पूरा हो चुका है, जिसके बाद अब रेलवे नए साल में इस पूरे 226 किलोमीटर रेलमार्ग को कवच से पूरी तरह लैस करने की तैयारी में जुट गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा द्वारा हाल ही में बांदीकुई-बसवा रेलखंड के बीच कवच प्रणाली का निरीक्षण और परीक्षण किए जाने के बाद इस प्रोजेक्ट को और गति मिल गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कनौता-बांदीकुई के 67.03 किलोमीटर हिस्से में सात अलग-अलग रेल खंडों कनौता-बासी, बासी-झिर, झिर-जटवाड़ा, जटवाड़ा-दौसा, दौसा-भानकरी, भानकरी अरनिया और अरनिया-बांदीकुई जंक्शन में उपकरण लगाने के बाद परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
अब रेलवे का मुख्य फोकस इस प्रणाली का विस्तार रेवाड़ी की दिशा में करने पर है। चरणबद्ध तरीके से रूट के बाकी हिस्सों में भी उपकरण लगाए जा रहे हैं और परीक्षण किए जा रहे हैं। रेलवे का लक्ष्य इस साल करीब 250 किलोमीटर रेलमार्ग पर कवच स्थापित करने का है, जिसके बाद शेष हिस्सों का काम पूरा कर पूरे 226 किलोमीटर के रेवाड़ी-जयपुर रेलमार्ग पर इसे पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। इस स्वदेशी प्रणाली के संचालन से सिग्नल ओवरलैपिंग या खतरे की स्थिति में ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे में तेजी से चल रहा है काम
सीपीआरओ उत्तर पश्चिम रेलवे में 2,600 करोड़ रुपए की लागत से 5,561 किलोमीटर रेलमार्ग पर 'कवच 4.0 'प्रणाली की स्थापना का काम युद्ध स्तर पर जारी है। इसके तहत 1,586 रूट किलोमीटर में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का लगभग 87.35 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। संचार नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए निर्धारित 253 टावरों में से 251 पर काम प्रगति पर है।
क्या है कवच प्रणाली
कवच' भारतीय रेलवे की एक अत्याधुनिक स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है। यह ट्रेन की गति, सिग्नल और ट्रैक पर ट्रेनों की स्थिति से जुड़ी वास्तविक समय की जानकारियों के आधार पर काम करती है। लाल सिग्नल पार होने या निर्धारित गति सीमा से अधिक गति होने पर यह सबसे पहले लोको पायलट को चेतावनी देती है।
यदि आपात स्थिति में चालक समय पर ब्रेक नहीं लगाता है, तो यह प्रणाली स्वतः (ऑटोमैटिक) ब्रेक लगाकर ट्रेन की गति को नियंत्रित करती है। इसके संचालन के लिए पटरियों, स्टेशनों और इंजनों पर विशेष उपकरण लगाए जाते हैं, जो ऑप्टिकल फाइबर केबल और संचार टावरों के जरिए आपस में जुड़े रहते हैं।