State Diwali Bumper : पंजाब के एक किसान की रातोंरात किस्मत ही बदल गई। जहां पर 500 रुपये की टिकट ने उसको 12 करोड़ का मालिक बना दिया। किसान की 500 रुपये में खरीदी गई टिकट की लाटरी लग गई और रात को जब इसकी सूचना आई तो परिवार व गांव में खुशी का माहौल बन गया।
15 साल से लाटरी खरीद रहे गांव हमायूंपुर के किसान व टिपर ड्राइवर बलजिंदर सिंह की किस्मत ऐसी चमकी कि सीधा 12 करोड़ रुपए का पहला इनाम लग गया। पंजाब स्टेट दिवाली बंपर लाटरी का यह छप्पर फाड़ इनाम डेराबस्सी हलके में अब तक निकला सबसे बड़ा इनाम है। महिंदर सिंह के 45 वर्षीय पुत्र बलजिंदर खेतीबाड़ी के साथ टिपर चलाकर परिवार पालते हैं।
दो बच्चों के पिता बलजिंदर ने दिवाली से पहले हंडेसरा के लाटरी विक्रेता से यह टिकट खरीदी थी। बीती रात करीब 11 बजे उन्हें 12 करोड़ रुपए जीतने की खबर मिली, जिसके बाद से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। परिवार अभी यह तय भी नहीं कर पाया है कि इतनी बड़ी रकम का इस्तेमाल कहां करेगा।
हलके के पिछले बड़े विजेता
इससे पहले डेराबस्सी हलके में सबसे बड़ा 5 करोड़ रुपए का इनाम त्रिवेदी कैंप के महंत का निकला था। वहीं, कुछ वर्ष पहले इसी गांव (हमायूंपुर) के तरलोचन सिंह ने भी 1 करोड़ रुपए की लॉटरी जीती थी।
लाटरी लगते ही गांव में बांटी मिठाइयां
पंजाब की लाटरी से बंपर लाटरी लगने के बाद किसान बलजिंदर घर के साथ गांव में खुशी का माहौल बन गया। 12 करोड़ रुपये जीतने की खबर गांव पहुंची तो जश्न शुरू हो गया। लोग उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई देने लगे। गांव में मिठाइयां बांटी गई। एक टिपर ट्रक चलाकर परिवार चलाने वाले बलजिंदर के लिए त्योहारों पर खरीदे जाने वाले 500 रुपये के टिकट ने इस बार दिवाली को हमेशा के लिए यादगार बना दिया।


