Special Train: रेलवे द्वारा छठ पूजा के बाद लौटने वाले ट्रेन यात्रियों की सुविधा के लिए 19 नवंबर को मऊ से बांद्रा के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन के शुरू होने से राजस्थान प्रदेश के कई जिलों के यात्रियों का सफर भी आसान होगा। रेलवे की ओर से छठ पर्व मनाकर वापस लौटने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मऊ से बांद्रा टर्मिनस के बीच एक ट्रिप के लिए आरक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेंन राजस्थान प्रदेश की कोटा मंडल के बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा और भवानी मंडी रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाली यात्रियों का सफर भी आसान करेगी।
इस प्रकार रहेगा शेड्यूल
19 नवंबर को चलने वाली स्पेशल ट्रेन का रेलवे द्वारा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 05075 मऊ-बांद्रा टर्मिनस आरक्षित स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर, बुधवार को रात 8:40 बजे मऊ से रवाना होगी। यह स्पेशल ट्रेन अगले दिन 19 नवंबर को शाम 5:15 बजे बयाना रेलवे स्टेशन, 6:05 बजे गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन, रात 8:15 बजे कोटा जंक्शन और 9:26 बजे भवानी मंडी रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद विभिन्न स्टेशनों से होते हुए 20 नवंबर, शुक्रवार की दोपहर 2 बजे बांद्रा टर्मिनस पर पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने स्पेशल ट्रेन के ठहरो के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह ट्रेन मऊ और बांद्रा के बीच चौरी चौरा रेलवे स्टेशन, कुसम्ही, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर कैंट, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, बादशाह नगर, ऐशबाग, मानक नगर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, ईदगाह आगरा, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, भवानी मंडी, मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन, वडोदरा, सूरत, वापी और बोरिवली स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
स्पेशल ट्रेन में रहेंगे 18 कोच
मऊ और बांद्रा के बीच 19 नवंबर को चलने वाली इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इस ट्रेन में यात्रियों को 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 8 शयनयान और 4 सामान्य श्रेणी के कोच की सुविधा मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले एनटीईएस या रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है।


