Rajasthan Weather: राजस्थान प्रदेश में नवंबर महीने में ठंड ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से प्रदेश में शुरू हुई शीतलहर ने लोगों की ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब सर्दी जोर पकड़ेगी, क्योंकि वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर सोमवार से खत्म होने के बाद आज से उत्तरी हवाएं चलने की संभावना है। वहीं चक्रवात अकवान के असर से उत्तराखंड में बर्फवारी बढ़ने से उत्तरी हवाएं प्रदेश में सर्द नमी लेकर आएंगी। उत्तर की ओर से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में आने वाले दिनों में चार डिग्री तक तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।
राजस्थान प्रदेश में दिखाई दिया सर्दी के सीजन का पहला कोहरा
राजस्थान प्रदेश में सोमवार को वृश्चिक संक्रांति यानी मौसम में बदलाव का सूचक शुरू होने के साथ ही ठंड ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होते ही सोमवार की रात को प्रदेश के हनुमानगढ़, गंगानगर और बीकानेर जिले में सर्द हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। वहीं उत्तरी राजस्थान के कई जिलों में सर्दी के सीजन का पहला कोहरा दिखाई दिया है।
प्रदेश में सीकर जिले के फतेहपुर क्षेत्र में सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं पिछले 24 घंटे में हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू और श्रीगंगानगर जिले कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरे की वजह से वहां रेंगते हुए दिखाई दिए।
सीकर और श्रीगंगानगर जिले में तापमान में 3 डिग्री और पिलानी में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट देखी गई है। वहीं राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
भरतपुर, जोधपुर जिले में न्यूनतम तापमान पहुंचा 12 डिग्री पर
राजस्थान प्रदेश के भरतपुर और जोधपुर जिले में तापमान में गिरावट होनी शुरू हो गई है। भरतपुर जिले में रात का तापमान 12 डिग्री के करीब पहुंच गया। वहीं जोधपुर जिले में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। पिछले दो दिनों में भरतपुर का तापमान दो डिग्री कम हुआ है। मौसम विभाग का मानना है कि उत्तरी हवाओं के आंशिक प्रभाव से आगामी 2-3 दिनों में इन जिलों के न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। बता दें कि भरतपुर में दिन के तापमान में पिछले तीन दिनों में 5 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है।


