Janani Shishu Suraksha Karyakram : पीजीआई में इलाज करा रही गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) के तहत मिलने वाली मुफ्त सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने बिलिंग के नियम स्पष्ट कर दिए हैं। अब मरीज को जनरल वार्ड से प्राइवेट कमरे में शिफ्ट होने से पहले इसके आर्थिक असर को भी समझना होगा।
यदि कोई गर्भवती महिला या पात्र मरीज जनरल वार्ड में भर्ती होने के बाद प्राइवेट कमरे की सुविधा लेता है तो उसे भर्ती होने की शुरुआती तारीख से ही इलाज, जांच और अन्य संबंधित सेवाओं का पूरा शुल्क देना होगा। यानी मरीज ने प्राइवेट कमरे में भले ही बाद के दिनों में शिफ्ट किया हो, लेकिन बिल की गणना शुरुआती भर्ती की तारीख से की जाएगी।
पीजीआई डायरेक्टर प्रो. विवेक लाल के आदेश से जारी नए सर्कुलर में यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। प्रशासन के संज्ञान में आया था कि कुछ मरीज सीधे प्राइवेट वार्ड में भर्ती होने या जनरल वार्ड से प्राइवेट कमरे में शिफ्ट होने के बावजूद जेएसएसके के तहत मुफ्त सुविधाओं और शुल्क में छूट की मांग कर रहे थे। इसी स्थिति को देखते हुए बिलिंग प्रक्रिया में एकरूपता लाने और शुल्क वसूली को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए नए निर्देश जारी किए गए हैं।
सीधे प्राइवेट कमरे में भर्ती हुए तो भी नहीं मिलेगी छूट
नए नियम के अनुसार, जो मरीज सीधे प्राइवेट वार्ड में भर्ती होंगे, उन्हें जेएसएसके के तहत मुफ्त इलाज, जांच और डाइट जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं मिलेगा। उनसे प्राइवेट वार्ड के मरीजों की तरह निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। यानी प्राइवेट कमरे का विकल्प चुनने पर मरीज को योजना के तहत मिलने वाली मुफ्त सुविधाओं का लाभ नहीं मिलेगा।
जनरल वार्ड में बिताए दिनों का कमरा शुल्क माफ रहेगा सर्कुलर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि मरीज पहले जनरल वार्ड में भर्ती हुआ और बाद में प्राइवेट कमरे में शिफ्ट हुआ तो कमरे का किराया केवल प्राइवेट वार्ड में रहने की अवधि का ही लिया जाएगा। जनरल वार्ड में बिताए दिनों का अस्पताल में भर्ती रहने का शुल्क पहले की तरह माफ रहेगा। हालांकि, इलाज और जांच के शुल्क की गणना भर्ती की शुरुआती तारीख से होगी। इस तरह कमरे के किराये और इलाज-जांच के बिल की गणना अलग-अलग आधार पर की जाएगी।
बिलिंग और संबंधित विभागों को भेजे आदेश
पीजीआई के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की ओर से जारी सर्कुलर की प्रति सभी क्लिनिकल विभागों के प्रमुखों, वित्तीय सलाहकार, जेएसएसके प्रभारी अधिकारी, मुख्य नर्सिंग अधिकारी और फीस सेक्शन को भेजी गई है। प्रशासन ने मरीजों की भर्ती, बिलिंग और योजना के क्रियान्वयन से जुड़े अधिकारियों को नए निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।
मरीजों के लिए क्या बदलेगा
सीधे प्राइवेट वार्ड में भर्ती होने पर जेएसएसके के तहत मुफ्त इलाज, जांच और डाइट का लाभ नहीं मिलेगा। जनरल वार्ड से प्राइवेट कमरे में शिफ्ट होने पर इलाज और जांच का शुल्क शुरुआती भर्ती तारीख से वसूला जाएगा। प्राइवेट कमरे का किराया केवल वहां बिताए दिनों के हिसाब से लगेगा। जनरल वार्ड में बिताई गई अवधि का अस्पताल में भर्ती रहने का शुल्क माफ रहेगा।