Homeopathic Medical College Haryana : करीब छह साल से बंद पड़ा अंबाला छावनी के चंदपुरा में बन रहे होम्योपैथिक मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए नए सिरे से प्रक्रिया शुरू की गई है। लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया।
जहां से अनुमति मिलने के बाद टेंडर जारी किया जाएगा। उधर, मेडिकल कालेज की मान्यता के लिए भी फाइल तैयार की गई है। इसके लिए तीन साल से रामपुरा के सामुदायिक केंद्र में होम्योपैथिक अस्पताल का संचालन किया जा रहा है। छावनी के चंदपुरा में करीब 11 एकड़ भूमि में बनने वाले मेडिकल कालेज के लिए 55 करोड़ रुपये का बजट भी रखा गया था।
12 जनवरी 2019 को आनलाइन शिलान्यास किया गया था। दो साल तक जमीन की तलाश के बाद चंदपुरा में जमीन फाइनल हुई और दिसंबर 2020 में मेडिकल कालेज की नींव रखी गई थी। लेकिन, नींव रखने के साथ ही मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य भ्रष्टाचार के आरोपों में घिर गया और एजेंसी से काम बंद कर दिया। इसके बाद से ही मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य बंद पड़ा है। मेडिकल कालेज के निर्माण के लिए पहले मंगलई गांव में 11 एकड़ जमीन चिन्हित की गई थी।
एक बार फिर से मेडिकल कालेज के निर्माण के लिए मशक्कत शुरू हुई। पहली एजेंसी से काम छीन लिया गया और दोबारा फिर से प्रस्ताव तैयार किया गया है। अब लोक निर्माण विभाग से टेंडर का प्रस्ताव तैयार कर अनुमति के लिए मुख्यालय भेज दिया है। मुख्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
यह है परियोजना
होम्योपैथिक मेडिकल कालेज में एक वर्ष में 100 छात्रों को प्रवेश होना है। साथ ही 25 बेड का अस्पताल और ओपीडी भी शुरू की जानी है। मेडिकल कालेज की मान्यता लेने के लिए पहले दो साल तक अस्पताल का संचालन करना अनिवार्य होता है, जिस कारण 2023 में कैबिनेट मंत्री ने रामपुरा के सामुदायिक भवन में होम्योपैथिक अस्पताल का उद्घाटन किया था।
इसके बाद से ही सामुदायिक भवन में होम्योपैथिक अस्पताल का संचालन किया जा रहा है। तीन डाक्टरों की टीम ओपीडी का संचालन कर रही है। हालांकि, अस्पताल में भर्ती की सुविधा है, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. सतपाल जस्ट ने बताया कि होम्योपैथिक मेडिकल कालेज के निर्माण को दोबारा फिर से शुरू कराने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है। उम्मीद है कि जल्द ही मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।