रामपुरा-डाबड़ी, जयपुर। जयपुर-सीकर राजमार्ग पर स्थित रामपुरा टाटियावास के पारदेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार तड़के एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। करीब सात से आठ नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर परिसर में घुसकर दानपात्रों के ताले तोड़ दिए और लगभग सात लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार के बजाय पार्किंग की तरफ से प्रवेश किया और करीब 25 मिनट तक परिसर में सक्रिय रहे।
घटना के अनुसार, तड़के एक बजे चोरों ने मंदिर की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे सफेद कपड़े से ढक रखे थे और उनके पास भारी लोहे की रॉड और टॉर्च मौजूद थी। मंदिर के अंदर घुसते ही उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को वाइपर की मदद से ऊपर की ओर घुमा दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बावजूद, उनकी गतिविधियां कैमरों में कैद हो गईं।
बदमाशों ने शिवलिंग के सामने और राम दरबार में रखे दानपात्रों को निशाना बनाया। उन्होंने लोहे की रॉड से ताले तोड़कर नकदी निकाली और उसे एक सफेद कट्टे में भर लिया। चोरी के बाद उन्होंने दानपात्रों को वापस उसी स्थान पर रख दिया। सुबह चार बजे जब मंदिर के पट खोले गए, तो जाली टूटी हुई देखकर मंदिर सेवकों को घटना का पता चला।
मंदिर कमेटी के सचिव राजेश सिंघल ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी रोष और चिंता है। पहले खेतों में लगे ट्रांसफार्मर चोरी हो रहे थे, लेकिन अब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं। मंदिर प्रशासन ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की गई राशि की बरामदगी की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौमू एसीपी कृष्णराज जांगिड़ ने एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। एसीपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस इस मामले को प्राथमिकता पर ले रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। क्षेत्र में हाल ही में हुई अन्य चोरी की वारदातों को भी इस जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।


