Rajasthan Roadways : राजस्थान के विभिन्न शहरों के यात्रियों का रोडवेज विभाग द्वारा सफर आसान बनने वाला है। राजस्थान रोडवेज बेड़े में नई बस शामिल होने से नेटवर्क मजबूत होगा और यात्रियों को निजी परिवहन व्यवस्था से मनमानी से राहत मिलने वाली है। रोडवेज बेड़े में नई बस शामिल होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ेगी, वहीं दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटकों को एक शहर से दूसरे शहर में जाने के लिए रोडवेज का सुरक्षित सफर करने के लिए मिलेगा।
लगभग आठ साल के बाद राजस्थान रोडवेज का बेड़ा बढ़ेगा और इसमें बसों की संख्या पांच हजार पार हो सकती है। दिसंबर और जनवरी में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक, एसी, स्लीपर, ब्लू लाइन और सामान्य श्रेणी की 1900 बसें शामिल होंगी। रोडवेज विभाग के अनुसार फिलहाल 3512 बसों का बेड़ा है, लेकिन 1900 नई बस आने के बाद यह आंकड़ा 5412 बसों का हो जाएगा।
यानी बसों की संख्या में करीब 54.1 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। नई बस आने के बाद रोजगार के अवसर भी बढ़ने वाले है और इसके लिए राजस्थान रोडवेज में चालक व परिचालक भर्ती होने का रास्ता साफ हो जाएगा। वर्ष 2017-18 के बाद पहली बार रोडवेज के पास इतनी बड़ी संख्या में बसें होंगी। इसके अलावा 149 अतिरिक्त डीजल बसों की खरीद प्रक्रिया हाल ही शुरू हुई है। इन्हें अगर शामिल करें तो नई बसों की संख्या 2 हजार पार पहुंच जाएगी।
राजस्थान रोडवेज की बढ़ जाएगी आय
राजस्थान रोडवेज के मौजूदा बेड़ा भी यात्रियों को राहत देने के लिए चलता है। रोडवेज विभाग के अनुसार फिलहाल प्रतिदिन औसतन 13.80 लाख किलोमीटर चलती हैं। लेकिन नए साल पर बेड़े में 1900 नई बस जुड़ने के बाद 7.47 लाख किलोमीटर प्रतिदिन बढ़ जाएगी और इस दौरान कुल 21.27 लाख किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं निगम की दैनिक आय 6.50 करोड़ रुपए से बढ़कर करीब 10.01 करोड़ रुपए हो सकती है।
मजबूत होगा सार्वजनिक परिवहन
राजस्थान रोडवेज के एमडी पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि राजस्थान का सार्वजिनक परिवहन बेड़ा मजबूत होने वाला है। इसके बाद राजस्थान में यात्रियों को आरामदेय सफर मिलने वाला है। दिसंबर और जनवरी तक चरणबद्ध तरीके से 1900 बसें बेड़े में शामिल होने जा रही हैं। नई बसों के आने से ग्रामीण क्षेत्रों के साथ लंबी दूरी के मार्गों पर भी सेवाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी।


