Banswara Weather: राजस्थान प्रदेश के बांसवाड़ा जिले में अभी सर्दी की रफ्तार धीमी रहने का अनुमान है। नवंबर का आधा महीना बीतने को है, लेकिन सर्दी अभी अपने तेवर नहीं दिखा रही है। दिन में धूप के कारण गर्मी का अहसास होता है। वहीं रातों में भी फिलहाल तेज ठंड का इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अगले दो सप्ताह के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में 26 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने के साथ जिले में बरसात की संभावना कम है। इस दौरान तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है। स्थानीय तापमान के पूर्वानुमान में भी रातों में सर्दी बढ़ने के बजाय पारे में बढ़ोतरी के संकेत हैं। आज 13 नवंबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने का अनुमान है, जो 17 और 18 नवंबर तक 21 डिग्री पहुंच सकता है। यानी छह दिनों में रात का तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।
बांसवाड़ा जिले में आने वाले दिनों अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में अधिकतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है।
जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 14-15 नवंबर को दिखेगा नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव
मौसम विज्ञान विभाग, जयपुर के अनुसार राजस्थान प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाने, मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। 15 नवंबर को बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार भी दिखाई दे रहे हैं।


