Asian Women Hockey Champions Trophy : एशियन वूमेस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी इस बार भारत के मैदान पर होने वाली है। एशियन वूमेस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी एमपी की राजधानी भोपाल द्वारा पहली बार की जा रही है। इसलिए हाकी चैंपियंस ट्राफी की तैयारी जोर शोर से चल रही है। 19 से 28 नवंबर तक बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की छह शीर्ष टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी।
टीटी नगर स्टेडियम में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी का अनावरण कर ट्रॉफी टूर का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों में दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा।
सीएम डॉ. मोहन यादव व केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्पोट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का लोकार्पण करेंगे। करीब पांच हजार दर्शकों की क्षमता वाले अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम
में सभी मुकाबले फ्लड लाइट की रोशनी में डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। प्रतिदिन तीन मैच होंगे। जहां विदेश से आने वाली टीमों के ठहरने से लेकर हर प्रकार की सुविधा की गई है। इसके अलावा दर्शकों के लिए भी उचित प्रबंधन किए गए है। ऐसे में हाकी प्रेमियों को इस प्रतियोगिता भारी जोश दिखाई दे रहा है और भोपाल की जनता भी इस प्रतियोगिता के लिए जोश में दिखाई दे रही है।
166 देशों में टूर्नामेंट का होगा सीधा प्रसारण
टूर्नामेंट में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की करीब 150 महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण 166 देशों में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार पर किया जाएगा। प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान भारतीय टीम मलेशिया से शाम 7 बजे भिड़ेगी। इससे पहले दोपहर 1 बजे चीन और थाईलैंड तथा दोपहर 3:15 बजे जापान और कोरिया के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद प्रतिदिन प्रतियोगिता में तीन मैचों का आयोजन किया जाएगा। लगभग दस दिन तक भोपाल में हाकी का रोमांच रहने वाला है।


