Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा के इस शहर में पशु सड़क पर छोड़े तो लगेगा 5 हजार रुपये जुर्माना, दोबारा गलती पर 10 हजार, पशु होगा जब्त

हरियाणा के इस शहर में पशु सड़क पर छोड़े तो लगेगा 5 हजार रुपये जुर्माना, दोबारा गलती पर 10 हजार, पशु होगा जब्त

Haryana Stray Animals Rule : हरियाणा में पशुओं को सड़क पर बेसहारा छोड़ने वाले पशुपालकों पर लगाम कसने की तैयारी कर ली है। अगर दिन या रात में पशुपालक व किसान ने अपने पशु को सड़क पर छोड़ दिया तो वह मुसीबत में पड़ सकता है। जहां पर शुरुआत में पशुपालक को पांच हजार रुपये जुर्माना लगेगा, अगर दोबारा फिर से पशु को छोड़ा तो दस हजार रुपये तक जुर्माना लगेगा।

जहां पर उससे जुर्माना तो वसूला जाएगा साथ ही में उसके पशु को भी जब्त कर लिया जाएगा। यह आदेश हरियाणा के जींद जिले के में जारी किए गए है। हालांकि प्रदेश सरकार के निर्देश पर यह आदेश प्रदेश के अन्य जिलों में भी जारी होंगे। जींद प्रशासन ने यह फैसला बेसहारा एवं आवारा पशुओं के कारण आमजन को होने वाली परेशानियों तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए लिए गए है।

जींद की डीसी एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वैशाली शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों का उद्देश्य जिले में पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

हादसों का कारण बन रहे पशु

प्रदेश व जिले में देखने को मिल रहा है कि बेसहारा पशुओं के चलते विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेसहारा पशु सड़कों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, अनाज मंडियों तथा रिहायशी क्षेत्रों में खुले घूमते रहते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं, यातायात बाधित होने और आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पशुपालकों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

पशुओं का पंजीकरण एवं ईयर टैगिंग अनिवार्य

उन्होंने बताया कि जिले के सभी पशुपालकों, डेयरी संचालकों, किसानों एवं पशुधन मालिकों को अपनी गाय, बैल, बछड़े एवं भैंस सहित सभी पशुओं का पशुपालन एवं डेयरी विभाग के माध्यम से पशु आधार /आईएनएपीएच टैग के तहत पंजीकरण एवं ईयर टैगिंग करवानी होगी। इसके लिए आदेश जारी होने की तिथि से 30 दिन का समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित अवधि के बाद बिना टैग वाले पशु निजी परिसर में पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की जा सकेगी।

सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं को खुला छोड़ने पर प्रतिबंध

उन्होंने बताया कि जारी आदेशों के तहत पशुपालक, डेयरी संचालक अथवा पशुओं की देखरेख करने वाला व्यक्ति अपने पशुओं को सड़कों, राजमार्गों, बाजारों, पार्कों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुला नहीं छोड़ सकेंगे । पशुओं को अपने निजी परिसर, डेयरी, पशुशाला अथवा निर्धारित पशु बाड़े में सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।

नियमों की अवहेलना पर लगेगा जुर्माना

उन्होंने बताया कि यदि कोई पशुपालक अपने टैग लगे पशु को सार्वजनिक सड़क पर खुला घूमने देता पाया जाता है तो पहली बार प्रति पशु 5 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। दोबारा उल्लंघन करने पर प्रति पशु 10 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त पशु को पकड़कर रखने एवं देखरेख से संबंधित निर्धारित शुल्क भी वसूल किया जाएगा। बिना टैग वाले अथवा जब्त किए गए और निर्धारित समय में वापस न लिए गए पशुओं को सरकारी मान्यता प्राप्त नंदीशालाओं एवं गौशालाओं में भेजने का प्रावधान किया गया है। बिना टैग वाले पशुओं को छुड़वाने के लिए मालिक को स्वामित्व का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा, निर्धारित जुर्माना एवं अन्य शुल्क जमा करवाने होंगे तथा मौके पर पशु की ईयर टैगिंग करवानी होगी।

पशु परिवहन करने वाले वाहनों के लिए भी निर्देश

जिले के अंदर अथवा जिले की सीमाओं से बाहर पशुओं का परिवहन करने वाले वाहनों को निर्धारित पशु परिवहन सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों अथवा बीड़ बरबान जीन्द के आसपास अनधिकृत रूप से पशुओं को छोड़ने वाले वाहनों के विरुद्ध संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया जायेगा ।

संयुक्त रूप से चलाया जाएगा अभियान

उन्होंने बताया कि आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए सभी उपमंडल अधिकारियों (एसडीएम), पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी), नगर निकायों के कार्यकारी अधिकारियों तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निकायों, पशुपालन विभाग की टीमों एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से रात्रि गश्त एवं पशु बचाव अभियान चलाए जाएंगे। इसके तहत एनएच-352, एनएच-152 तथा अन्य राज्य राजमार्गों सहित पशुओं की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई

उन्होंने बताया कि जारी आदेशों की अवहेलना करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 तथा हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम, 2015 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जारी आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी 60 दिनों तक प्रभावी रहेंगे, जब तक कि इन्हें इससे पहले वापस न लिया जाए अथवा इनकी अवधि न बढ़ाई जाए।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

हरियाणा के किसानों को मिलेगा नया सिंचाई माडल, 100, 200 और 500 एकड़ के सिंचाई क्लस्टर बनेंगे