Ujjain Javra Greenfield Highway : जावरा से उज्जैन के बीच सफर करने वालों का लंबा इंतजार अब खत्म होने की ओर है। उज्जैन जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क परियोजना का निर्माण धरातल पर शुरू हो गया है। करीब 98.73 किलोमीटर लंबा यह नया मार्ग न केवल दोनों शहरों के बीच आवागमन को तेज और सुगम बनाएगा, बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत जावरा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़ाव है। इससे उज्जैन सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को देश के प्रमुख शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी।
करीब 2,080 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण जुलाई 2026 में शुरू हुआ है। निर्माण एजेंसी को इसे दो साल में पूरा करना है। अनुबंध के अनुसार 15 जुलाई 2028 तक सड़क तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में मार्ग पर सबग्रेड, जीएसबी और पुल-पुलियाओं के निर्माण का काम जारी है। यह फोरलेन उज्जैन के मंगरोला क्षेत्र से शुरू होकर जावरा के भूतेड़ा क्षेत्र तक बनेगा।
किसानों से लेकर उद्योगों तक को फायदा
नया मार्ग बनने से जावरा और उज्जैन के बीच मौजूदा सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा। यात्रियों को नागदा सहित व्यस्त क्षेत्रों से होकर गुजरने की मजबूरी से राहत मिलेगी। वहीं दिल्ली, मुंबई, गुजरात और राजस्थान की ओर जाने वाले वाहनों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। किसानों को कृषि उपज मंडियों तक फसल पहुंचाने में कम समय लगेगा।
व्यापारिक और औद्योगिक वाहनों का परिवहन आसान होने से कारोबार को भी गति मिलेगी। सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए भी यह मार्ग महत्वपूर्ण साबित होगा। अब परियोजना से जुड़ी उम्मीदें समय पर निर्माण पूरा होने और सड़क की गुणवत्ता बनाए रखने पर टिकी है।
पूरे प्रोजेक्ट पर एक नजर
लंबाई: 98.73 किलोमीटर
निर्माण लागतः 2,080 करोड़ रुपए
निर्माण प्रारंभः जुलाई 2026
पूर्णता का लक्ष्य: 15 जुलाई 2028
कनेक्टिविटी: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे
प्रमुख लाभः तेज आवागमन, कृषि परिवहन, व्यापार और औद्योगिक विकास।


