जयपुर। जयपुर के मालवीय नगर स्थित पाथेय भवन में आज राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त सेवानिवृत्त कर्मचारी महासंघ का त्रिवार्षिक प्रदेश अधिवेशन उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण आयोजन में महासंघ की भविष्य की कार्ययोजनाओं और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामनारायण गौड़ ने की, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रोढ प्रमुख कैलाश जी ने ध्वजारोहण कर अधिवेशन का शुभारंभ किया।
अधिवेशन में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा और परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान विश्वकर्मा और भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम को गति दी। उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने अपने संबोधन में परिवहन निगम को प्रदेश की जीवन रेखा बताते हुए इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के सरकारी संकल्प को दोहराया।
विधायक गोपाल शर्मा ने भारतीय मजदूर संघ के कर्मचारियों के हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के साथ अपने संस्मरण साझा किए। महासंघ के महामंत्री मुरारी लाल शर्मा ने वार्षिक वृत्त प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। कोषाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल द्वारा प्रस्तुत आय-व्यय के लेखा-जोखा को भी सदन ने मंजूरी दी। परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने निगम में किए जा रहे सुधारों की जानकारी देते हुए कर्मचारियों के कल्याण के प्रति आश्वस्त किया।
अधिवेशन के अंतिम चरण में प्रदेश अध्यक्ष रामनारायण गौड़ ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। इसके बाद भारतीय मजदूर संघ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह डाबी ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। नई टीम में वरुण तिवाड़ी को प्रदेश अध्यक्ष और महेश चतुर्वेदी को प्रदेश महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, मुरारी लाल शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक समिति राजस्थान की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।


