Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

डीडवाना-कुचामन में पंचायतीराज चुनाव: तृतीय चरण को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट

डीडवाना-कुचामन में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने पुलिस बल को सख्त सुरक्षा निर्देश दिए हैं।

डीडवाना-कुचामन में चुनाव ड्यूटी ब्रीफिंग के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी
डीडवाना-कुचामन में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण की तैयारियों को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

डीडवाना(लोकेश अग्रवाल)।
जिले में पंचायतीराज चुनाव के तृतीय चरण को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने बांगड़ कॉलेज परिसर डीडवाना में एक महत्वपूर्ण संपर्क सभा और चुनाव ड्यूटी ब्रीफिंग आयोजित की। ​इस दौरान पोलिंग बूथों पर तैनात मतदान पार्टियों, विभिन्न विभागों के कार्मिकों और पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ​ब्रीफिंग के दौरान जिला कलक्टर अवधेश कुमार मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार, उपखंड अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे। प्रशासनिक तालमेल के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित रहे। ​पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक अहम हिस्सा है। हर मतदाता को बिना किसी डर या दबाव के स्वतंत्र रूप से मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। ​राज्य निर्वाचन आयोग की आदर्श आचार संहिता और चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित की जाए। ​सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के साथ पूरी तरह समान और निष्पक्ष व्यवहार रखा जाए। ​चुनाव ड्यूटी में किसी भी स्तर पर कोताही, लापरवाही या अनुशासनहीनता को बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा।
​पुलिस बल हुआ रवाना, ​बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके निर्धारित दायित्वों की विस्तार से जानकारी देकर चुनाव ड्यूटी के लिए पोलिंग बूथों के वास्ते रवाना किया।
​जिला पुलिस डीडवाना-कुचामन ने चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र तैयार किया है। साथ ही जिला पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भय में आए बिना निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

Old Song: 47 वर्ष पुराना रफ़ी-आशा का सदाबहार नगमा सुनते ही महिलाओं की खनकने लगती हैं चूड़ियां, 4 दशकों से बना हुआ है फेवरेट