डीडवाना(लोकेश अग्रवाल)। पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के तहत जिले की पांच पंचायत समितियों एवं जिला परिषद् के वार्डों में 03 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को डीडवाना स्थित राजकीय बांगड महाविद्यालय परिसर से मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के उपरांत ईवीएम एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद दल अपने संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान दलों एवं मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत की निर्बाध आपूर्ति एवं सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें। उन्होंने बताया कि तृतीय चरण के तहत जिले की पांच पंचायत समितियों मकराना, ईटावा बामनिया, परबतसर, पीलवा एवं नावां के मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार रवाना हुए।
मकराना पंचायत समिति के 17 पंचायत समिति वार्ड और 25 ग्राम पंचायतों के लिए 109 मतदान केंद्र, ईटावा बामणीया के 15 पंचायत समिति वार्ड और 26 ग्राम पंचायतों के लिए 100 मतदान केंद्र, परबतसर के 17 पंचायत समिति वार्ड और 24 ग्राम पंचायतों के लिए 101 मतदान केंद्र, पीलवा के 17 पंचायत समिति वार्ड और 24 ग्राम पंचायतों के लिए 103 मतदान केंद्र तथा नावां के 21 पंचायत समिति वार्ड और 31 ग्राम पंचायतों के लिए 125 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार तृतीय चरण में कुल 87 पंचायत समिति वार्ड और 130 ग्राम पंचायतों के लिए 545 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इन क्षेत्रों में कुल 4 लाख 85 हजार 454 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला परिषद के वार्ड संख्या 11से 23 व 29,30,31 तथा पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मंगलवार, 3 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद बुधवार, 4 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। गुरुवार, 5 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान के पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी तथा शुक्रवार, 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मतदान के उपरांत ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। इस दौरान मतदान दलों को पंचायती राज चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक कैलाश चन्द्र यादव ने भी संबोधित कर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिये।
नागौर
पंचायती राज आम चुनाव-2026: तृतीय चरण के मतदान के लिए डीडवाना से मतदान दल रवाना
डीडवाना के राजकीय बांगड महाविद्यालय से पांच पंचायत समितियों के 545 मतदान केंद्रों के लिए दल रवाना हुए। तृतीय चरण में 4.85 लाख मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

