दिवाली पर्व पर हर विभाग के कर्मचारी लंबी छुट्टी का इंतजार कर रहे है, लेकिन इस त्योहारी सीजन में सरकार द्वारा एक विभाग की छुट्टियों को 12 नवंबर तक रद कर दी है। इस दौरान कोई भी कर्मचारी छुट्टी पर नहीं रहेगा। हालांकि सरकार ने यह कदम व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया गया है, ताकि इसी भी अप्रिय घटना से तुरंत ही निपटा जा सके।
दीपावली पर आतिशबाजी और अन्य कारणों से आगजनी की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां की हैं। किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग ने विशेष कार्ययोजना बनाई है। दीपावली से पहले और त्योहार के तीन दिन बाद तक दमकल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह अलर्ट रहेंगे। पांच नवंबर से 12 नवंबर तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं।
तैयारियों को लेकर अग्निशमन विभाग के सेक्टर-25 स्थित मुख्यालय में फरीदाबाद जिले के छह जोन के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं की आशंका, संसाधनों की उपलब्धता और आपातकालीन प्रतिक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
फरीदाबाद के दमकल अधीक्षक यादवेंद्र सिंह ने बताया कि दमकल विभाग की ओर से दीपावली पर विशेष तैयारियां की जाती हैं। हम सभी वाहनों की फिटनेस चेक करते हैं। टैंक के आपरेशंस चेक करते हैं। कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर देते हैं। हमारा मकसद है कि आग लगने पर किसी का भी जान-माल का नुकसान न हो।


