राजस्थान सरकार द्वारा अजमेर को दो प्रमुख सड़कों के निर्माण की मंजूरी दी है। इसके लिए 18.49 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इन दोनों सड़कों के निर्माण के बाद अजमेर शहर की हाईवे व मुख्य मार्गों से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी और शहर को जाम से भी राहत मिलेगी। अजमेर विकास प्राधिकरण ने 18.49 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की है। इसके तहत माकड़वाली रोड पर भैरूवाड़ा तिराहे से नागौर हाईवे तक सड़क, पृथ्वीराज नगर से रातीडांग-चौरसियावास होते हुए नौसर घाटी तक 200 फीट मास्टर प्लान रोड पर ग्रेन्युलर सब-बेस सड़क निर्माण कराया जाएगा।
एडीए ने माकड़वाली रोड पर भैरूवाड़ा तिराहे से नागौर हाईवे तक सड़क निर्माण के लिए 11.19 करोड़ और पृथ्वीराज नगर से रातीडांग चौरसियावास होते हुए नौसर घाटी तक 200 फीट मास्टर प्लान रोड के लिए 7.30 करोड़ रुपए स्वीकृत किए है। इससे शहर के प्रमुख मार्गों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगा। यातायात के दबाव को कम करने में सहायता मिलेगी।
वरूण सागर झील
एडीए ने वरूण सागर झील में पर्यटन विकास के लिए 35.40 लाख रुपए की लागत से डीपीआर तैयार करने की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इसमें वेटलैंड क्षेत्र एवं जलग्रहण क्षेत्र की स्थिति, जल विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, जल गुणवत्ता, ड्रेनेज सिस्टम तथा प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
उद्यानिकी खंड का गठन
एडीए ने क्षेत्राधिकार में आने वाले पार्को, उद्यानों, सड़कों के किनारे पौधारोपण, हरित पट्टियों तथा सार्वजनिक स्थलों के सौन्दर्याकरण एवं रख-रखाव के लिए पृथक उद्यानिकी खंड का गठन किया गया है। इसमें एक अधिशाषी अभियंता, एक सहायक अभियंता तथा एक कनिष्ठ अभियंता को शामिल किया गया है। यह खंड पार्को एवं उद्यानों के विकास, हरित क्षेत्रों के रख-रखाव, सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण, लैंडस्केपिंग तथा सिंचाई व्यवस्था से संबंधित कार्यों की योजना एवं क्रियान्वयन की निगरानी करेगा।
चार प्रमुख मार्गों का होगा विकास
नगर निगम के नए कार्यालय से लोहागल होते हुए नागौर हाइवे, स्टीफन चौराहे से भैरूवाड़ा-माकड़वाली होते हुए नागौर हाइवे, पृथ्वीराज नगर से रातीडांग चौरसियावास होते हुए नौसर घाटी और हाथीखेड़ा होते हुए वरूण सागर एवं खरेखड़ी रोड तक सड़क निर्माण होगा। पुष्कर घाटी के वैकल्पिक मार्ग के रूप में वरुण सागर से पुष्कर मार्ग का विकास होगा।


