Rajasthan Festival Lights : राजस्थान में इस बार का दिवाली पर्व अलग रहने वाला है। जहां पर प्रदेश के 541 मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया जाएगा और इसके लिए भारी भरकम बजट जारी किया गया है। राजस्थान सरकार द्वारा पांच दिन तक इन मंदिरों में दीपोत्सव मनाने के लिए 800 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। यह बजट राजस्थान के देवस्थान विभाग की तरफ से जारी किया गया है। बजट के माध्यम से दीपोत्सव पर्व पर विशेष साज-सज्जा व आरती के कार्यक्रम के आयोजन हेतु प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
शासन सचिव देवस्थान विभाग शुचि त्यागी ने बताया कि यह दीपोत्सव के लिए सरकार की तरफ से हर जिले के हिसाब से बजट जारी किया गया है। यह बजट उन जिलों के मंदिरों में दीपोत्सव को शानदार बनाने पर खर्च किया जाएगा। विभाग के अधीन 541 मंदिरों में यह आयोजन किया जाएगा। इसमें 352 प्रत्यक्ष प्रभार व 188 आत्मनिर्भर श्रेणी के मंदिर शामिल हैं। इसके तहत राज्य मद से कुल 800.85 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन जिलों के मंदिरों में जारी किया गया बजट
जयपुर प्रथम के 37 मंदिर के लिए 59.00 लाख रुपये
जयपुर द्वितीय के 17 मंदिर के लिए 8.00 लाख रुपये
अजमेर के 21 मंदिर के लिए 22.60 लाख रुपये
उदयपुर के 98 मंदिर के लिए 175.60 लाख रुपये
बीकानेर के 100 मंदिर के लिए 148.70 लाख रुपये
जोधपुर के 17 मंदिर के लिए 10.75 लाख रुपये
ऋषभदेव के 100 मंदिर के लिए 141.55 लाख रुपये
कोटा के 53 मंदिर के लिए 53.50 लाख रुपये
वृन्दावन के 20 मंदिर के लिए 30.40 लाख रुपये
हनुमानगढ़ के 21 मंदिर के लिए 36.75 लाख रुपये
भरतपुर के 57 मंदिर के लिए 114.00 लाख रुपये जारी किए गए है।


