Success Story Lieutenant Diksha Vohra: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भरतौल गांव की बेटी दीक्षा वोहरा ने भारतीय सेना के आर्मी मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट बन कर परिवार में सेना की परंपरा को आगे बढ़ाया है। दीक्षा की इस उपलब्धि पर उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। सबसे बड़ी बात यह है कि दीक्षा वोहरा के पिता राम सिंह वाेहरा भी 24 साल तक सेना में रह चुके हैं।
दीक्षा के पिता राम सिंह वोहरा सेना में बंगाल इंजीनियर्स में 24 वर्ष तक सेवारत रहे हैं। ऐसे में अपने पिता को देखकर दीक्षा में भी सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने की भावना जागृत हुई। दीक्षा वोहरा ने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर परिवार में सेना की परंपरा आगे बढ़ाया। साथ ही बेटी के सेना में अधिकारी बनने पर पूरे गांव में खुशी की लहर है। इस खुशी के अवसर पर दीक्षा के घर बधाई देने वालों का भी तांता लगा है।
बेटी की इस उपलब्धी पर दीक्षा की मां गीता देवी का कहना है कि इससे पूरा परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है। क्योंकि बेटी ने इस पद को पाने के लिए कड़ी मेहनत की है। हमेशा ही वे सेना में जाने की सोचती थी। अब बेटी का सपना पूरा हो गया है। दीक्षा शुरू से ही पढ़ाई में काफी होशियार रही है।
गीता देवी के अनुसार दीक्षा की यह सफलता देश की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। क्योंकि आज के समय में बेटियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा जरूर दिलवानी चाहिए, ताकि वे अपने जीवन के फैसले सही प्रकार से ले सकें।


