Rajasthan New AIIMS : राजस्थान सरकार द्वारा शहर व ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार द्वारा अब जोधपुर जिले में नए एम्स बनाने की तैयारी कर ली है। जोधपुर के एम्स 2.0 को बनाने की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। यह एम्स 2.0 नेतड़ा टोल प्लाजा के नजदीक 220 बीघा जमीन पर बनाया जाएगा। हालांकि पहले एम्स 2.0 के पास 150 बीघा जमीन प्रस्तावित थी, लेकिन अब 70 बीघा जमीन अतिरिक्त मिल गई है।
ऐसे में अब 220 बीघा जमीन पर 500 बेड का नया अस्पताल स्थापित किया जाएगा। इसके लिए चारदीवारी का काम पूरा हो चुका है। एम्स 2.0 के विकसित होने से जोधपुर के ग्रामीण इलाकों के साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी राहत मिलेगी। अभी गंभीर बीमारियों और विशेषज्ञ उपचार के लिए मरीजों को जोधपुर शहर के अस्पतालों तक पहुंचना पड़ता है।
जमीन के एक हिस्से को लेकर गोचर और नाड़ी से संबंधित विवाद सामने आने के बाद परियोजना की जमीन को लेकर अड़चन पैदा हुई। इसके बाद एम्स प्रशासन ने अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए। कुछ जमीन इस नाडी के लिए छोड़ दी गई है, इसी कारण दो परिसर मे यह निर्माण होगा।
एम्स 2.0 दो साल में बनकर होगा तैयार
जोधपुर के ग्रामीण क्षेत्र में बन रहे एम्स 2.0 के लिए पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है। सीपीडब्ल्यूडी की ओर से अलग-अलग हिस्सों में दीवार तैयार की गई है। दो साल में यह काम पूरा होगा। इसके बाद अस्पताल निर्माण के अगले चरण की दिशा में काम आगे बढ़ सकेगा। अस्पताल भवन के साथ प्रशासनिक खंड और अन्य जरूरी सुविधाओं के विकास की योजना है।
एम्स 2.0 के अस्पताल में मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं
जोधपुर के एम्स 2.0 में मरीजों को आधुनिक सुविधाएं दी जाएगी। इसमें 500 बेड की व्यवस्था प्रस्तावित है। फिलहाल भवन का नक्शा और डिजाइन तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। अस्पताल के निर्माण के बाद इसमें 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं के साथ मेडिसिन, सर्जरी, बाल रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, मनोरोग, त्वचा रोग और दंत चिकित्सा सहित विभिन्न विभाग विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा रेडियोलॉजी, अल्ट्रासाउंड और प्रयोगशाला जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है।
जोधपुर से 45 किलोमीटर की दूरी पर बनेगा एम्स 2.0
जोधपुर जिले के नेतड़ा टोल प्लाजा के पास बन रहे एम्स 2.0 की जोधपुर मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में इन क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए जोधपुर जाना पड़ता था, लेकिन अब उनके घर के निकट ही यह सुविधा मिल जाएगी। फिलहाल हाईवे से कुछ मीटर अंदर संकरी सड़क है, लेकिन जल्द इसे 100 फीट करने की योजना है। साथ ही यहां रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स भी बनाने का प्रस्ताव है।