जयपुर। नशामुक्त भारत और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली गुरुवार सुबह जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल पहुंची। इस रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने राइडर्स का उत्साहवर्धन किया और उन्हें नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इसके बाद डीजीपी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को अजमेर के लिए रवाना किया।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इन राइडर्स का लक्ष्य एक ही है-नशामुक्त भारत का निर्माण। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा वर्ष 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राइडर्स को नशामुक्त भारत का संदेशवाहक बताते हुए कहा कि उनकी असली ताकत उनका अनुशासन है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजस्थान पुलिस जल्द ही राज्य में नशामुक्ति के लिए एक व्यापक अभियान शुरू करने जा रही है, जिसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
अल्बर्ट हॉल के सामने राइडर्स ने विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और आम नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को खराब करता है, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर देश के भविष्य को मजबूत करने का आह्वान किया। इस रैली में सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, एनएसजी और एसएसबी सहित विभिन्न केंद्रीय बलों के अधिकारी और जवान शामिल हैं, जिनमें कांस्टेबल से लेकर आईजी स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वी.के. सिंह ने बताया कि यह रैली बुधवार शाम जयपुर पहुंची थी और आमेर फोर्ट पर राइडर्स का स्वागत किया गया था। गुरुवार सुबह विभिन्न बटालियनों के राइडर्स अल्बर्ट हॉल पहुंचे। यह रैली 22 अक्टूबर को अजमेर, 23 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़-उदयपुर और उसके बाद गांधीनगर के लिए रवाना होगी। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड से जुड़ा है।


