Rajasthan News : दीपावली पर्व को लेकर राजस्थान में तैयारियां शुरू कर दी है। जहां पर शहरों को सजावट करने का काम किया जा रहा है। जहां राजस्थान की राजधानी जयपुर को सजाने का काम अभी से शुरू हो गया है, वहीं झीलों की नगरी उदयपुर रोशनी के उत्सव में सराबोर नजर आएगी।
शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर प्रवेश मार्गों, पुल-पुलियों, पर्यटन स्थलों और पार्को तक को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। यूडीए ने दीपावली सजावट के लिए शहर के 50 स्थान चिह्नित किए है। इन पर करीब 1.25 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सजावट और रोशनी का यह नजारा करीब नौ दिन तक शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाएगा।
इस बार पुराने सजावटी ठिकानों के साथ तीन नए स्थान भी सूची में शामिल किए गए है। इससे शहर के नए इलाकों में भी दीपोत्सव की चमक दिखाई देगी। दीपावली पर फतहसागर की पाल, सहेलियों की बाड़ी रोड, सुखाड़िया सर्कल से फतहपुरा के अलावा शहर के प्रमुख मार्गो सहित पार्क व पुलियाओं को सजाया जाएगा।
पुल, पुलिए और चौराहों पर भी रोशनी
दीपावली की सजावट पमुख बाजारों तक ही सीमित नहीं रहेगी। सेवाश्रम, प्रतापनगर, कुम्हारों का भट्टा, बांदपोल फुटब्रिज, यूडीए पुलिया, पुला पुलिया और एफसीआइ पुलिया सहित प्रमुख पुलों को भी सजावट योजना में शामिल किया है। महाकाल तिराहा, आयुर्वेदिक कॉलेज सर्कल, यूडीए, फतहपुरा, आरके, भुवाणा और बलीचा सर्कल पर भी रोशनी होगी। सरकारी भवन भी इस सजावट का हिस्सा होंगे। सर्किट हाउस, कलक्ट्रेट और संभागीय आयुक्त कार्यालय सरकारी आवासों भी इस सूची में हैं।


