Haryana Model Road : हरियाणा सरकार द्वारा प्रत्येक शहर में माडल रोड बनाने का फैसला लिया है, ताकि शहर की व्यवस्था में सुधार हो सके। इसी कड़ी में गोहाना में रोहतक रोड को माडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। नगर परिषद ने तकनीकी मंजूरी के लिए प्रस्ताव मुख्यालय भेज दिया है।
मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत आंबेडकर चौक से ड्रेन आठ के पुल तक लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। नगर परिषद टेंडर लगा चुकी है। अब मुख्यालय से तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद एजेंसी को वर्क आर्डर जारी करके परियोजना पर काम शुरू कराया जाएगा।
रोहतक रोड पर सड़क के दोनों तरफ बने नालों को बंद करके उनकी जगह भूमिगत पाइपलाइन विछाई जाएगी। इसके साथ ही मार्ग के साथ साइकिल पथ भी बनाया जाएगा। सड़क के दोनों तरफ पहले से टाइलें लगे हिस्से को कंक्रीट का बनाया जाएगा। वर्षाजल की निकासी के लिए स्टार्म वाटर सिस्टम तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बजट घोषणा में प्रत्येक शहर के एक प्रमुख मार्ग को माडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना रखी थी। अब गोहाना में रोहतक रोड का चयन किया गया है। परियोजना पर काम पूरा होने के बाद चालकों के साथ पैदल चलने वालों व साइकिल सवारों को भी सुविधा मिलेगी।
नालों की जगह बनेगा फुटपाथ
रोहतक रोड के दोनों तरफ बने नालो को कवर करके भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके ऊपर टाइले लगाकर फुटपाथ तैयार किए जाएंगे, ताकि पैदल चलने वालों को सुरक्षित जगह मिल सके। सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए निर्धारित प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। इसके साथ डिवाइडर, फुटपाथ और अन्य सुविधाओं को व्यवस्थित करके मार्ग का सुंदरीकरण किया जाएगा।
गोहाना नगर परिषद अध्यक्ष रजनी विरमानी ने बताया कि तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद एजेंसी को वर्क आर्डर जारी कर परियोजना पर काम शुरू होगा रोहतक रोड शहर का सबसे प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग की चौडाई ठीक है, जिस पर परियोजना के तहत बेहतर कार्य होगा। मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही एजेंसी को वर्कआर्डर जारी करवाकर काम शुरू कराया जाएगा।


