Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

सिरसा जिले में बनी ब्लैकआउट की स्थिति, कई क्षेत्रों में 33 KV लाइन हुई ब्रेकडाउन

सिरसा जिले में बनी ब्लैकआउट की स्थिति, कई क्षेत्रों में 33 KV लाइन हुई ब्रेकडाउन

Electricity Strike Haryana: हरियाणा प्रदेश में आज बिजली कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल का असर जींद गुरुग्राम सोनीपत फरीदाबाद पानीपत पंचकूला और रोहतक के बाद अब सिरसा जिले में भी दिखना शुरू हो गया है। सिरसा जिले के कई क्षेत्रों में 33 केवी लाइन में अचानक ब्रेकडाउन लगने से ब्लैकआउट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बता दें कि प्रदेश के दो जिलों में सरकार द्वारा बिजली सप्लाई निजी कंपनियों को सौंपने के बाद सभी जिलों के बिजली कर्मचारियों ने कल देर रात से अगले तीन दिन तक हड़ताल शुरू कर दी है। जिस वजह से प्रदेश के सिरसा सहित लगभग 10 जिलों में बिजली सप्लाई बाधित हो गई है।

कालांवाली क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर सुबह 7 बजे के आसपास लगा अचानक ब्रेकडाउन

सिरसा जिले की कालांवाली क्षेत्र के निवासी मोहन प्रकाश ने बताया कि आज सुबह 7:00 बजे क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर अचानक ब्रेकडाउन लगने से कई गांव में बिजली सप्लाई बंद हो गई है। उन्होंने कहा कि बिजली सप्लाई बंद होने से गांव में पानी की सप्लाई के लिए प्रतिदिन होने वाली वाटर सप्लाई व्यवस्था भी ठप्प हो गई है। वहीं बिजली सप्लाई शुरू करवाने के लिए ग्रामीण जब पावर हाउस पहुंचे तो वहां पर बिजली कर्मचारी नदाराद मिले। कर्मचारियों की हड़ताल पर होने से कालांवाली क्षेत्र में तकरीबन 6 घंटे से बिजली सप्लाई बंद पड़ी है।

नाथूसरी-चोपटा ब्लॉक में भी आया 33 केवी लाइन पर में फॉल्ट

सिरसा जिले के नाथूसरी-चोपटा ब्लॉक में आज सुबह तकरीबन 10:30 बजे 33 केवी लाइन में फाल्ट आने की वजह से क्षेत्र के दर्जनों गांव में बिजली सप्लाई बंद हो गई है। नाथूसरी-चोपटा ब्लॉक के गिगोरानी, कागदाना, राजपुरा साहनी, कुम्हारिया, गुसाईयाना, रामपुरा ढिल्लों और जमानियां सहित दर्जनों गांव में पिछले 3 घंटे से बिजली सप्लाई ठप्प पड़ी है।

नाथूसरी-चोपटा ब्लॉक के कागदाना गांव के निवासी रामकुमार, वेद प्रकाश, राज सिंह, मनीराम, दौलत सिंह और बेगराज ने बताया कि 33 केवी लाइन खराब होने की वजह से गांव में पिछले 3 घंटे से बिजली नहीं आई है। उन्होंने कहा कि अब कागदाना बस स्टेंड पर स्थित दुकानदारों की दुकानों के इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं।

बिजली सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो रात के समय में होगी परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में बिजली सप्लाई व्यवस्था अगर जल्दी दुरुस्त नहीं हुई तो लोगों को रात के समय में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों के अनुसार रात के समय में बिजली सप्लाई दुरुस्त नहीं होने से और इनवर्टर चार्ज ना होने के कारण बंद होने से हालात और भी खराब होंगे।

उधर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिजली कर्मचारियों से हड़ताल पर ना जाने की अपील करते हुए कहा कि कर्मचारियों से बातचीत के लिए सरकार के सभी दरवाजे खुले हैं। बता दें कि प्रशासन द्वारा जिले में स्थित विभिन्न पावर हाऊस पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

सवाई माधोपुर में जिला परिषद चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज, भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने भरा नामांकन