त्योहारी सीजन में रेलवे विभाग द्वारा नई स्पेशल ट्रेन की सौगात दी है। यह ट्रेन चंडीगढ़ से बरौनी तक चलेगी। यह ट्रेन साप्ताहिक आरक्षित होगी। इस ट्रेन से हरियाणा, दिल्ली, यूपी, पंजाब के यात्रियों को भी लाभ मिलने वाला है। रेलवे विभाग द्वारा चलाई जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन का शेड्यूल जारी कर दिया है और इसका संचालन 23 अक्टूबर से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से हो जाएगा।
दिवाली व छठ पर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, व यूपी से जाने वाले बिहार के हजारों लोगों को इस ट्रेन का फायदा मिलने वाला है। ट्रेन के परिचालन से हरियाणा के प्रमुख शहर, यूपी व बिहार के छपरा, सीवान, सोनपुर और हाजीपुर के यात्रियों को सुविधा मिलने वाली है। रेलवे विभाग के अनुसार इस त्योहार विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में छह-छह फेरों के लिए चलाई जाएगी।
चंडीगढ़ से 23 को होगा संचालन
रेलवे विभाग के नोटिस के अनुसार 23 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 04536 चंडीगढ़-बरौनी त्योहार स्पेशल ट्रेन रवाना होगी। 23 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस ट्रेन का संचालन 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को होगा। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को रात 11:45 बजे रवाना होगी। इसके बाद अगले दिन बिहार के छपरा रात 8:30 बजे पहुंचेगी। बाद में सोनपुर रात 9:50 बजे, हाजीपुर 10:05 बजे और शाहपुर पटोरी 11:02 बजे पहुंचेगी। तीसरे दिन बरौनी रात 12:30 बजे पहुंच जाएगी।
बरौनी से चंडीगढ़ के लिए रविवार को होगी रवाना
रेलवे विभाग के अनुसार बरौनी से चंडीगढ़ के लिए ट्रेन संख्या 04535 चलाई जाएगी। यह त्योहार स्पेशल ट्रेन 25 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को बरौनी से रात 2:35 बजे चलेगी। इसके बाद छपरा सुबह 7:05 बजे, सीवान 7:55 बजे और गोरखपुर सुबह 10:20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली और मुरादाबाद, हरियाणा के शहरों से होते हुए अगले दिन चंडीगढ़ सुबह 3:35 बजे पहुंचेगी।
चंडीगढ़ बरौनी ट्रेन में होंगे 16 कोच
रेलवे विभाग के अनुसार चंडीगढ़ से बरौनी तक चलने वाली त्योहार स्पेशल ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 11, द्वितीय श्रेणी के तीन तथा जनरेटर सह लगेज यान के दो कोच सहित कुल 16 कोच लगाए जाएंगे।


