जयपुर। बीकानेर रेंज पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। महानिरीक्षक ओम प्रकाश के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 14 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 38 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
हनुमानगढ़ के गोलूवाला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी छापेमारी के दौरान चार तस्करों को पकड़ा। तलाशी के दौरान दो लग्जरी गाड़ियों से 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन और 1.85 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में एक परिवार के तीन सदस्य और पंजाब का एक व्यक्ति शामिल है। इस कार्रवाई में सीआईडी जोन श्रीगंगानगर की खुफिया जानकारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दूसरी ओर, श्रीगंगानगर के रावला थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो संदिग्धों को दबोचा, जो पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन की खेप लेने आए थे। इन आरोपियों के पास से 4 किलो 132 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी पंजाब के फाजिल्का जिले के निवासी हैं और पहले भी कई आपराधिक मामलों में वांछित थे।
नशा तस्करी के अलावा, पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। महाजन और हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 1,160 पेटी अवैध शराब से भरे दो कैंटर जब्त किए हैं। इस शराब की अनुमानित कीमत 1.42 करोड़ रुपये है और इस मामले में चार अन्य तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उनके तस्करी नेटवर्क और मुख्य आपूर्तिकर्ताओं का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।


