Hisar News : हरियाणा सरकार द्वारा शहरों में लगने वाले जाम से राहत के लिए नए प्लान बनाए जा रहे है। हरियाणा सरकार ने हिसार में जाम मुक्त प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इस प्रोजेक्ट के तहत हिसार शहर को दो नए चौराहे बनाए जाएंगे, ताकि इन चौराहों पर व्यवस्थित तरीके से वाहन निकल सके और लग रहे जाम से राहत मिल सके।
हिसार में दिल्ली रोड की तरफ से शहर में प्रवेश करते ही वाहन चालकों को जाम से जल्द ही राहत मिलेगी। शहर के सबसे व्यस्त और पहले एंट्री पॉइंट जिंदल चौक को पूरी तरह से जाम मुक्त बनाने का प्लान बनाया है। जिंदल चौक के रेनोवेशन और री-डिजाइनिंग प्रोजेक्ट को लेकर सरकार की ओर से हरी झंडी मिल गई है।
इसके लिए 13.40 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। मंत्री गंगवा के विशेष निर्देशों के बाद शुरू हुई इस योजना के तहत अब जिंदल चौक पर ट्रैफिक दबाव खत्म करने का मास्टर प्लान तैयार किया गया है।
फाइनल एस्टिमेट किया जा रहा तैयार
हिसार में बनने वाले चौक को लेकर एडमिनिस्ट्रेटिव अप्रूवल मिलने के बाद अब बीएंडआर विभाग द्वारा रोटरी और निर्माण कार्यों के लिए फाइनल एस्टिमेट तैयार किया जा रहा है। इसके तुरंत बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू करवाकर जल्द ही जमीन पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
ऐसे बदलेगी जिंदल चौक की सूरत
जिंदल चौक पर वाहनों को सुचारु रूप से चलाने के लिए डायवर्ट करने और वाहनों की रुकावट व हादसों को रोकने के लिए जिंदल चौक पर दो नए चौराहे इंटरसेक्शन विकसित किए जाएंगे। सरकार द्वारा इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए 13.40 करोड़ रुपये मंजूर किए जा चुके हैं। अब बीएंडआर विभाग के अधिकारी चौराहों के निर्माण के लिए फाइनल एस्टिमेट तैयार करेंगे।
रोड की चौड़ाई को बढ़ाया जाएगा
जाम से मुक्ति के लिए जहां दो चौराहे बनाए जाएंगे, वहीं चौक के आसपास की मुख्य सड़कों को चौड़ा किया जाएगा, जिससे पीक आवर्स यानी सुबह, दोपहर और शाम के दौरान भारी और हल्के वाहनों को मुड़ने व निकलने के लिए पर्याप्त स्पेस मिल सके।
दिल्ली रोड की तरफ से शहर में आने वाले वाहनों के कारण यह हिसार का सबसे बड़ा जाम पॉइंट बनता है, जिसे अब इस आधुनिक डिजाइन के जरिए दुरुस्त किया जाएगा।
हादसों से मिलेगी निजात
बीएंडआर के एसई अजीत सिंह का कहना है कि दिल्ली रोड से शहर में दाखिल होने वाले लोगों को जिंदल चौक पर अक्सर लंबे जाम में फंसना पड़ता था। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को ठोस प्लान तैयार करने के निर्देश दिए थे।
मंत्री के इसी विजन के तहत अब प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने से केवल हिसारवासियों को जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि वाहन चालकों के ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण का स्तर घटेगा और इस व्यस्त चौक पर होने वाले सड़क हादसों पर भी प्रभावी लगाम लगेगी।
इस आधुनिक योजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा जिससे क्षेत्र के दुकानदारों और आमजन को भी सहूलियत मिलेगी।