New Regional Office : राजस्थान में डाक विभाग द्वारा बड़ा बदलाव किया गया है। डाक विभाग के इस बदलाव से राजस्थान के छह जिलों को बड़ी राहत मिली है। अब डाक विभाग के काम के लिए कई किलोमीटर दूर जोधपुर नहीं जाना पड़ेगा।
डाक विभाग ने लोगों को राहत देते हुए नया क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की स्वीकृति जारी दी है। यह नया क्षेत्रीय कार्यालय बीकानेर में खोला जाएगा और इसमें प्रदेश के छह जिलों को जोड़ा जाएगा। इससे पहले इन जिलों को जोधपुर से जोड़ा हुआ था। बीकानेर में खुलने वाला यह यह प्रदेश का चौथा डाक क्षेत्रीय कार्यालय होगा।
डाक विभाग की तरफ से जहां बीकानेर में क्षेत्रीय कार्यालय बनाया गया है, वहीं श्रीडूंगरगढ़ में नया डाक उपमंडल भी मंजूर किया है। इन फैसलों से बीकानेर संभाग और आसपास के जिलों में डाक सेवाओं के प्रशासनिक संचालन और निगरानी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
डाक विभाग, संचार मंत्रालय, भारत सरकार के डाक निदेशालय, नई दिल्ली की ओर से 12 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, बीकानेर क्षेत्रीय कार्यालय का गठन राजस्थान उत्तरी क्षेत्र के रूप में किया जाएगा। इससे पहले प्रदेश में जयपुर, जोधपुर और अजमेर में डाक क्षेत्रीय कार्यालय संचालित है।
आम जनता के साथ कर्मचारियों को होगा लाभ
बीकानेर में डाक विभाग का सर्कल कार्यालय बनने के बाद जहां आम लोगों को राहत मिलेगी, वहीं डाक विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी। इससे पहले क्षेत्रीय स्तर के कई प्रशासनिक, तकनीकी और सेवा संबंधी कार्यों के लिए कर्मचारियों को जोधपुर जाना पड़ता था। नए कार्यालय के गठन से ऐसे कार्य बीकानेर में ही हो सकेंगे। कर्मचारियों के प्रशिक्षण और विभागीय कामकाज में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बीकानेर सर्कल कार्यालय में इन छह जिलों को जोड़ा
डाक विभाग द्वारा किए गए बदलाव के बाद बीकानेर में बने क्षेत्रीय कार्यालय में बीकानेर, चूरू, नागौर, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं और नवसृजित हनुमानगढ़ मंडल को शामिल किया गया है। अब इन जिलों को प्रशासनिक काम के लिए जोधपुर नहीं बल्कि उनका काम बीकानेर से ही चल जाएगा। इससे संबंधित कार्यों के लिए जोधपुर पर निर्भरता कम होगी और विभागीय समन्वय तथा निगरानी में सुविधा मिलेगी।

