देश के युवाओं का विदेश में जाकर नौकरी व बिजनेस करने का क्रेज है। ऐसे में सबसे ज्यादा विदेश जाने वालों में ग्रामीण क्षेत्र के युवा है। ऐस में विदेश में रहने वाले लोगों को अक्सर सामान की जरूरत पड़ जाती है और इसके कारण परिवार के लोगों को सामान का पार्सल भेजने के लिए बड़े शहरों में जाना पड़ता था, लेकिन अब डाक विभाग ने देश के लोगों को बड़ी राहत दी है।
अब गांव के डाकखाने से ही विदेश में पर्सल भेजा जा सकेगा। भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण शाखा में विदेशी डाक एवं पार्सल सुविधा शुरू कर दी है। हालांकि डाक विभाग द्वारा लंबे समय से सुविधा को शुरू करने के लिए प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन अब डाक विभाग का साफ्टवेयर जैसे ही अपग्रेड हुआ तो ग्रामीण क्षेत्रों में यह सुविधा शुरू कर दी है।
इससे लोगों को पार्सल भेजने के लिए शहर के बड़े डाकघरों तक नहीं जाना पड़ेगा। डाकियों को भी इस सेवा से जुड़ी जिम्मेदारियां सौपी गई है। जयपुर शहर में आमेर, सांगानेर, जामडोली सहित विभिन्न क्षेत्रों के शाखा डाकघरों में यह सुविधा शुरू हो चुकी है।
राजस्थान के जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में के शाखाओं में भी यह सुविधा शुरू कर दी है। जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में 642 शाखा डाकघर और 80 उपडाकघर है। इससे विशेष रूप से उन परिवारों की सुविधा मिलेगी, जिनके सदस्य विदेश में रह रहे है।
मुरलीपुरा में बना स्मार्ट डाकघर
भारतीय डाक विभाग की तरफ से राजस्थान की मुरलीपुरा की शाखा को स्मार्ट बनाया है। डाकघर में अब टच स्क्रीन आधारित टॉकन मशीन और टीवी डिस्प्ले की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे ग्राहकों को लंबी कतार में खड़े रहने के बजाय टोकन के अनुसार अपनी बारी का इंतजार करना होगा।
साथ ही विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से मिलेगी। विभाग ने फिलहाल मुरलीपुरा डाकघर से इस स्मार्ट व्यवस्था की शुरुआत की है। आगामी दिनों में अन्य डाकघरों में भी ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।


