Jaipur News: जयपुर जिले से अवैध ब्लास्टिंग के दौरान बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है। जिले के जोबनेर थाना क्षेत्र की महेशवास पहाड़ी पर मंगलवार को कथित अवैध ब्लास्टिंग और खनन के दौरान करीब 60 फीट ऊंची पहाड़ी का हिस्सा ढहने से बड़ा हादसा हो गया। घटना के दौरान नीचे खान में काम कर रहे दो मजदूर और एएलटी मलबे में दब गए। हादसे की सूचना से पुरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बता दें कि आज शाम करीब 4 बजे पहाड़ी पर खनन कार्य के दौरान अचानक भारी मात्रा में पत्थर और मलबा नीचे गिरने से काम कर रहे श्रमिक चपेट में आ गए।
हादसे के 3 घंटे बाद मिली पुलिस को सूचना
जयपुर जिले की जोबनेर थाना क्षेत्र में घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा होते ही यहां चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल बन गया था। बताया जा रहा है कि हादसे के करीब तीन घंटे बाद सूचना मिलने पर सांभर एसडीएम ऋषिराज कपिल और जोबनेर थाना प्रभारी मोतीलाल शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की निगरानी में जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों को भी सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार मलबे में दबे लोगों की तलाश में बचाव अभियान जारी है। घटना स्थल पर बचाव दल ने एक मजदूर को मलबे से बाहर निकालकर अचेत अवस्था में एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया है।


