शिक्षक दिवस पर राजस्थान के शिक्षकों का अनूठा संकल्प, हरियाली के लिए लगाएंगे पांच-पांच पौधे
प्राथमिक अध्यापक संघ ने शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर के शिक्षकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पांच पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया है।

दौसा। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर प्राथमिक अध्यापक संघ (लेवल प्रथम) ने पर्यावरण संरक्षण को एक जनअभियान का रूप देने की दिशा में सराहनीय पहल की है। संघ ने प्रदेशभर के शिक्षकों के लिए 'एक शिक्षक-पांच पौधे' अभियान का आह्वान किया है। इस पहल के तहत शिक्षकों से आग्रह किया गया है कि वे पांच सितंबर को कम से कम पांच पौधे लगाएं और केवल रोपण तक सीमित न रहकर उनके वृक्ष बनने तक उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उठाएं।
संघ के पदाधिकारियों का मानना है कि पौधा लगाना तो एक शुरुआत है, लेकिन उसे पूर्ण विकसित वृक्ष बनाना ही असली संकल्प है। शिक्षकों को सलाह दी गई है कि वे अपने विद्यालय परिसर, घर के आसपास या किसी भी उपयुक्त स्थान पर पौधरोपण करें। साथ ही, वे अपने विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक करें और उन्हें इस पुनीत कार्य में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। पूर्व में लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी इस अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
यदि प्रदेश का प्रत्येक शिक्षक पांच पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो यह राजस्थान की हरियाली बढ़ाने में एक स्थायी और बड़ा योगदान साबित होगा। यह पहल 'हरियालो राजस्थान' के सपने को धरातल पर उतारने में शिक्षकों की एक सार्थक भागीदारी के रूप में देखी जा रही है। संघ का मानना है कि शिक्षकों का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और हरा-भरा वातावरण तैयार करेगा।
अभियान के समर्थन में प्रदेशाध्यक्ष विजय सुथार, प्रदेश सभा अध्यक्ष खेमराज मीणा, प्रदेश सचिव श्याम जांगू और कोषाध्यक्ष इंद्रजीत चौधरी सहित कई पदाधिकारियों ने संकल्प लिया है। उन्होंने प्रदेश के सभी शिक्षकों से अपील की है कि वे शिक्षक दिवस को केवल शुभकामनाओं तक सीमित न रखें, बल्कि धरती को पांच पौधों का उपहार देकर इस अभियान को सफल बनाएं।
यह अभियान न केवल पर्यावरण के प्रति शिक्षकों की संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी देता है। शिक्षकों की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना जगाने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
